पाकुड़ से धूलियान तक कई जांच चौकियों को पार कर पहुंचा वाहन,
पूरे मार्ग की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की उठी मांग
संताल एक्सप्रेस

पाकुड़। जिले से अवैध कोयले का परिवहन किसकी मिलीभगत या लापरवाही से हो रहा है और रास्ते में बने जांच चौकियां अपनी जिम्मेदारी कितनी निभा रही हैं, यह सवाल एक बार फिर चर्चा में है। धूलियान में अवैध कोयला लदा ट्रक पकड़े जाने के बाद पाकुड़ से धूलियान तक के पूरे परिवहन मार्ग और जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि पाकुड़ जिले से कोयला लदा ट्रक कई थाना क्षेत्रों और जांच चौकियों को पार करते हुए धूलियान पहुंच गया। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि यदि ट्रक में लदा कोयला अवैध था, तो रास्ते में किसी भी जांच चौकी पर इसकी पड़ताल क्यों नहीं हुई? क्या वाहन के कागजातों की जांच नहीं की गई या फिर जांच के बावजूद उसे आगे जाने दिया गया।
दरअसल, कोयला परिवहन के दौरान चालान, ई-वे बिल, खनन से संबंधित दस्तावेज और वजन की जांच करना संबंधित जांच चौकियों की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद अवैध कोयला लदा ट्रक जिले से बाहर निकलकर दूसरे क्षेत्र तक पहुंच गया। यह घटना परिवहन और निगरानी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाकुड़ से निकलने वाले कोयला वाहनों को निर्धारित मार्ग से गुजरना पड़ता है। इस दौरान कई स्थानों पर जांच की व्यवस्था भी है। इसके बावजूद अवैध कोयले का दूसरे जिले तक पहुंच जाना कहीं न कहीं निगरानी में बड़ी चूक की ओर इशारा करता है। अब यह जांच का विषय है कि मामला महज लापरवाही का है या इसके पीछे किसी तरह की मिलीभगत है।धूलियान में एक ट्रक पकड़े जाने के बाद यह भी सवाल उठने लगा है कि आखिर ऐसे कितने वाहन प्रतिदिन बिना प्रभावी जांच के जिले से बाहर निकल जाते होंगे। पाकुड़ से धूलियान तक के पूरे मार्ग, रास्ते में पड़ने वाली सभी जांच चौकियों और संबंधित कर्मियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। जरूरत है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कोयला परिवहन में शामिल लोगों के साथ-साथ यदि किसी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की जाए।





