नई दिल्ली । उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को एक अहम सुनवाई के दौरान बिहार के रोहतास जिले के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (चतुर्थ) अनिल कुमार के आचरण और कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई। मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने न्यायिक शक्तियों के दुरुपयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि बाहुबली की तरह बर्ताव करना बंद करें।

यह पूरा विवाद रोहतास के तत्कालीन एसपी और 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी रौशन कुमार को अवमानना का दोषी ठहराने से जुड़ा है। 2023 के एक आपराधिक मामले में झूठी गवाही देने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देशों का पालन नहीं करने पर जज अनिल कुमार ने 29 सितंबर को तत्कालीन एसपी रौशन कुमार को दोषी करार दिया था। जज ने उन पर एक रुपये का प्रतीकात्मक जुर्माना लगाते हुए बिहार के डीजीपी को यह टिप्पणी अधिकारी की सर्विस बुक में दर्ज करने का भी आदेश दिया था।
बाद में पटना उच्च न्यायालय ने निचली अदालत के इस आदेश पर रोक लगा दी थी, जिसके खिलाफ न्यायिक अधिकारी अनिल कुमार उच्चतम न्यायालय पहुंचे थे। सुनवाई के दौरान उच्चतम न्यायालय की पीठ ने उनकी कानून की समझ को बेहद खराब बताते हुए कहा कि हम कानून को लेकर आपकी समझ देखकर सचमुच हैरान हैं। आपको सबसे पहले बीएनएसएस की धारा 384 और सीआरपीसी की धारा 345 के दायरे और अर्थ को समझना चाहिए। उच्चतम न्यायालय ने न्यायिक अधिकारी को राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी में प्रशिक्षण के लिए भेजने की भी बात कही।





