कचरे के ढेर में आग लगने से वाहनों तक पहुंचीं लपटें- घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
पूर्वी सिंहभूम । जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित वास्तु बिहार परिसर में रविवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दो कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिसर में जमा कचरे के ढेर में अचानक आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि कचरे से उठी चिंगारी आसपास खड़े वाहनों तक पहुंच गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते वाहनों से ऊंची लपटें उठने लगीं और परिसर में हड़कंप मच गया।

आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोग मौके पर जुटे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दो कारें पूरी तरह जल चुकी थीं, जबकि एक बाइक को भी नुकसान पहुंचा। अगलगी से वाहन मालिकों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने कचरे के ढेर में लगी आग से वाहनों के चपेट में आने की आशंका जताई है। घटना के बाद परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।





