वित्तीय मूल्यांकन के लिए मांगा तीन सप्ताह का समय- तरुण महतो की हिरासत में पिटाई मामले में जेल अधीक्षक की रिपोर्ट शपथ पत्र के जरिए पेश
रांची । झारखंड के सभी पुलिस थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जारी टेंडर की प्रक्रिया में तकनीकी मूल्यांकन पूरा हो गया है। अब वित्तीय मूल्यांकन का काम किया जा रहा है। राज्य सरकार ने सोमवार को झारखंड उच्च न्यायालय में यह जानकारी देते हुए वित्तीय मूल्यांकन पूरा करने के लिए तीन सप्ताह का समय मांगा।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस सोनक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मामले की अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद निर्धारित की है। साथ ही राज्य सरकार को टेंडर की प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। सरकार की ओर से तरुण महतो की पुलिस हिरासत में पिटाई से संबंधित जेल अधीक्षक की रिपोर्ट भी शपथ पत्र के माध्यम से अदालत में प्रस्तुत की गई।
इससे पहले की सुनवाई में अदालत ने राज्य सरकार को टेंडर की तकनीकी बोली (टेक्निकल बिड) 20 नवंबर तक अंतिम रूप देने का निर्देश दिया था।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में तरुण महतो झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के इचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी थे। आरोप है कि 19 नवंबर 2025 की रात इचागढ़ पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले गई, जहां उनकी बेरहमी से पिटाई की गई और थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया।
इस घटना को लेकर तरुण महतो की पत्नी ने उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की थी। पत्र पर अदालत ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की सुनवाई शुरू की थी। पूर्व की सुनवाई में अदालत ने मामले से जुड़े दस्तावेजों के साथ सरायकेला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को भी तलब किया था।






