नोनमाटी नदी में तैरता मिला शव, पहचान होते ही परिजनों में मचा कोहराम; दो बेटे और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया
गोड्डा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरीपुर में शनिवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव की नदी में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र स्थित नोनमाटी गांव निवासी पलटू मांझी (45 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पलटू मांझी पिछले चार दिनों से लापता थे। उनके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी बीच शनिवार सुबह नदी में शव तैरता देख ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दिया। शव की पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। मृतक अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। चार दिनों से लापता व्यक्ति का शव नदी में मिलने से कई तरह के सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल शव मिलने के बाद आगे की पुलिसिया कार्रवाई का इंतजार है। मौत के कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
पूरे मामले पर गोड्डा मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद साहा ने बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक शराब का सेवन करता था। नशा में नदी के किनारे गया होगा जहां गिरने से मौत हुई होगी, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा।






