जामताड़ा। सदर थाना क्षेत्र के चलना पंचायत अंतर्गत भंडारों के पास शनिवार को सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दक्षिणबहाल क्षेत्र के असंहेरिया गांव निवासी शिवशंकर साधु (पिता कमल साधु) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शिवशंकर अपनी एचएफ डीलक्स बाइक (JH 21 R 1042) से धनबाद जा रहे थे। इसी दौरान भंडारों के समीप विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक टकरा गई।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक अवर निरीक्षक जय किशोर मरांडी ने पुलिस बल के साथ आवश्यक कार्रवाई की। मुखिया प्रतिनिधि गुलाम मुर्मू भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।





