रूपनारायणपुर। अशोक कुमार सिंह उर्फ बिक्की सिंह हत्याकांड में पुलिस ने एक और संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान जोरबाड़ी निवासी 22 वर्षीय सूरज प्रसाद के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर रूपनारायणपुर फाड़ी पुलिस ने उसे हिंदुस्तान केबल्स के देशबंधु पार्क इलाके से हिरासत में लिया।

इस गिरफ्तारी में सोशल मीडिया पर वायरल पांच सेकेंड का वीडियो अहम सुराग बना। फुटेज में जमीन पर पड़े युवक को एक अन्य व्यक्ति बांस के डंडे से पीटता नजर आ रहा है। पुलिस ने वीडियो की जांच कर उसमें दिखाई दे रहे युवक की पहचान सूरज के रूप में की। गौरतलब है कि हिंदुस्तान केबल्स ओल्ड कॉलोनी में बिक्की सिंह की कथित तौर पर पिटाई से मौत हुई थी। एक महिला से कथित संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई थी। इससे पहले पुलिस सुरेंद्र यादव और दीपक यादव को गिरफ्तार कर चुकी है। अब सूरज को शनिवार को आसनसोल अदालत में पेश करने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी भूमिका और अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की पड़ताल कर रही है।





