खूंटी । तोरपा प्रखंड के उबका सीसीटोली गांव में मंगलवार सुबह 18 से 20 जंगली हाथियों का झुंड पहुंचने से इलाके में दहशत का माहौल है। सुबह करीब साढ़े छह बजे गांव पहुंचे हाथियों के झुंड ने पास की झाड़ियों में अपना डेरा जमा लिया। देर शाम तक हाथी वहीं जमे हुए थे। हाथियों को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते रहे।
जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह झुंड पश्चिम सिंहभूम की ओर से रनिया, बानाबीरा, चंचलाघाघ, कोचा, तपकरा, अंबाटोली और कमड़ा होते हुए उबका सीसीटोली पहुंचा है। इस दौरान हाथियों ने रास्ते में कई जगह किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। अंबाटोली में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया के बगान में लगे केले के पौधों को भी हाथियों ने बर्बाद कर दिया। इसके अलावा कई किसानों के खेतों में लगी धान और सब्जियों की फसल को रौंद दिया।
हाथियों के अचानक गांव के नजदीक पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। किसान अपनी फसलों को हुए नुकसान से चिंतित हैं, वहीं ग्रामीणों को हाथियों के कारण जान-माल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
इधर, वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। प्रभारी वनपाल सुनीत तोपनो ने बताया कि विभागीय टीम हाथियों की निगरानी कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के नजदीक जाने, उन्हें घेरने या पत्थर मारने जैसी हरकतों से बचें। हाथियों को परेशान करने से वे आक्रामक हो सकते हैं और इससे जान-माल का नुकसान होने की आशंका रहती है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।






