बिहार में गैंगरेप जैसे घिनौने अपराधों में हो रहा इजाफा

पटना । बिहार में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ जघन्य अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेगूसराय में चार महीने पहले सामूहिक दुष्कर्म और बर्बरता का शिकार हुई एक महिला पर सोमवार रात फिर जानलेवा हमला किया गया, उसे छत से नीचे फेंक दिया गया। वहीं, रोहतास जिले में रास्ता भटकी एक नाबालिग छात्रा को बुआ के घर पहुंचाने के बहाने ऑटो चालक और उसके तीन साथियों ने सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया।
बेगूसराय के चकिया थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पीड़िता को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 12 बजे गांव के ही दो बदमाशों ने उसे मोबाइल पर कॉल कर बुलाया। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, बदमाशों ने उसका फोन छीन लिया और जबरन छत पर ले जाकर बालों से पकड़कर मारपीट की और नीचे फेंक दिया। वह एक बड़े बक्से (ट्रंक) पर गिरी, जिससे उसकी कमर में गंभीर चोट आई है। चार माह पहले इसी महिला को बंधक बनाकर सामूहिक दरिंदगी की गई थी और उसके प्राइवेट पार्ट में कारतूस व लकड़ी के टुकड़े डाल दिए गए थे, जो हैवानियत की इंतहा थी। पीड़िता को शक है कि इस घटना के पीछे उन आरोपितों का हाथ है जो चार माह पहले हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जेल में हैं।
चकिया थाना प्रभारी गौतम कुमार ने जानकारी दी कि घटना के बाद एक आरोपित घोंघल निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। गौरतलब है कि चार माह पूर्व की सामूहिक दरिंदगी के मामले में गांव के रामू महतो और नीतीश महतो को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि, एक अन्य आरोपित सूरज महतो अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके घर की कुर्की-जब्ती कर चुकी है और उस पर इनाम की भी घोषणा की गई है। दूसरी ओर, रोहतास जिले के डेहरी में भी मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां बुआ के घर गई एक नाबालिग छात्रा रास्ता भटक गई थी। कुछ महिलाओं ने उसे अकेला देखकर एक ऑटो चालक को किराए पर उसकी बुआ के घर पहुंचाने का आग्रह किया। लेकिन ऑटो चालक ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर छात्रा को बारुण ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मंगलवार सुबह जब चालक छात्रा को छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी परिजनों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक सहित तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।



