मंडी । हिमाचल प्रदेश के अभिषेक अवस्थी ने ऑस्ट्रेलिया में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। वह ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में स्थित ग्रेटर बेंडिगो शहर के मेयर बन गए हैं। इसके साथ ही, अवस्थी ग्रेटर बेंडिगो शहर के मेयर पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय मूल के व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने 9 नवंबर को ग्रेटर बेंडिगो स्थित द कैपिटल थिएटर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मेयर पद की शपथ ली और आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला। उनका कार्यकाल एक वर्ष का रहेगा, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के नियमों के तहत मेयर और डिप्टी मेयर का कार्यकाल एक वर्ष का होता है।

महापौर चुने जाने पर अभिषेक अवस्थी ने अपने सहयोगी काउंसलरों का धन्यवाद किया। उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए अपने माता-पिता और रिश्तेदारों का भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अभिषेक ने ग्रेटर बेंडिगो शहरवासियों की उम्मीदों के अनुरूप कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान एंड्रिया मेटकॉफ को डिप्टी मेयर के रूप में चुना गया है। मंडी शहर के लोअर समखेतर के रहने वाले 43 वर्षीय अवस्थी का ऑस्ट्रेलिया तक पहुंचने का सफर वर्ष 2008 में शुरू हुआ था, जब वे उच्च शिक्षा हासिल करने के उद्देश्य से ऑस्ट्रेलिया गए थे। यहाँ उन्होंने ला ट्रॉब यूनिवर्सिटी से बायोटेक्नोलॉजी और बायोइनफॉर्मेटिक्स में मास्टर की डिग्री पूरी की। साल 2015 में उन्हें ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता मिली। वह अपनी पत्नी अनीमा और बेटी अग्नि के साथ वहां रह रहे हैं। उनके पिता सुरेंद्र पाल और माता चंपा शर्मा सहित अन्य रिश्तेदार भी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल रहे।नवंबर 2024 में ग्रेटर बेंडिगो शहर के केनिंगटन वार्ड से पार्षद का चुनाव जीतने के बाद अभिषेक पहले भारतीय मूल के डिप्टी मेयर बने थे। काउंसिल में कदम रखने के दो साल के भीतर मेयर के रूप में अभिषेक का सर्वसम्मति से चुना जाना उनके जीवन सहित मंडी वासियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।



