वेकफिट की स्लीप इंटर्नशिप के पांचवें सीजन में दो लाख से अधिक आवेदक
मुंबई । मुंबई की जिनिया चटर्जी ने साबित कर दिया है कि अच्छी नींद सिर्फ सेहत ही नहीं, बल्कि दौलत भी ला सकती है। उन्होंने होम सॉल्यूशन ब्रांड वेकफिट की अनूठी स्लीप इंटर्नशिप प्रतियोगिता के पांचवें सीजन में 60 दिनों तक रोजाना नौ घंटे की भरपूर नींद लेकर 9 लाख 60 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और एक निःशुल्क अवकाश जीता है। इस विशेष अभियान में देश भर से दो लाख से अधिक लोगों ने आवेदन किया था। कई चरणों के साक्षात्कार के बाद दस प्रतिभागियों को चुना गया, जिनमें से चार अंतिम दौर तक पहुंचे। रत्नागिरी के मणिकंदन, मेहक खोट और हैदराबाद के करीम खान अन्य फाइनलिस्ट रहे। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य आधुनिक जीवनशैली में नींद के गिरते स्तर के प्रति लोगों को जागरूक करना और स्वस्थ नींद की आदतों को बढ़ावा देना था। नियमित नींद के साथ स्मरण शक्ति, एकाग्रता और आदर्श सोने का वातावरण बनाने जैसे मानकों पर उनकी क्षमता परखी गई। जिनिया इन सभी कसौटियों पर खरी उतरीं और विजेता घोषित की गईं। विशेषज्ञों के अनुसार, तनाव और डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से नींद का पैटर्न बिगड़ रहा है। ऐसी पहलें लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त और अच्छी नींद के महत्व को समझने में मदद करती हैं। यह प्रतियोगिता दर्शाती है कि अनुशासित तरीके से ली गई अच्छी नींद न केवल व्यक्ति को शारीरिक व मानसिक रूप से तरोताजा रखती है, बल्कि असाधारण पुरस्कार भी दिला सकती है।




