ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक छूट और उपहारों की पेशकश
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। दीपावली एवं धनतेरस का पर्व नजदीक आते ही पाकुड़ जिला मुख्यालय सहित विभिन्न प्रखंडों के बाजारों में त्योहार की रौनक बढ़ने लगी है। शहर के हरिणडांगा बाजार, गांधी चौक , थाना चौक सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानदारों ने ग्राहकों के स्वागत के लिएआकर्षक ढंग से सजाया है। धनतेरस पर शुभ खरीदारी की परंपरा को देखते हुए वाहन, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू उपकरणों और सजावटी सामानों की दुकानों में विशेष तैयारियां की गई हैं। कई प्रतिष्ठानों में ग्राहकों ने अग्रिम बुकिंग भी शुरू कर दी है।
वाहन बाजार में उत्साह, बुकिंग के साथ आकर्षक ऑफर ,धनतेरस को लेकर दोपहिया एवं चारपहिया वाहन बाजार में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। यामाहा शोरूम के संचालक कुणाल चक्रवर्ती ने बताया कि इस बार त्योहार पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है। अब तक 25 वाहनों की बुकिंग हो चुकी है तथा 110 वाहनों की बिक्री का लक्ष्य रखा गया है। एफजेडएस की खरीद पर छह हजार रुपये और स्कूटर पर 3,400 रुपये की छूट दी जा रही है। इसके अलावा ग्राहकों को हेलमेट मुफ्त देने के साथ निश्चित उपहार और आसान किस्तों पर शत-प्रतिशत वित्तीय सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों में बढ़ी चहल-पहल
धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। इसी परंपरा को लेकर आभूषण कारोबारियों ने भी विशेष तैयारियां की हैं। हर्षिता ज्वेलर्स के संचालक भुवन कर्मकार ने बताया कि ग्राहकों को आभूषणों की खरीद पर न्यूनतम दर से मेकिंग चार्ज लिया जा रहा है। प्रतिष्ठान में सोने की शुद्धता जांचने के लिए मशीन भी उपलब्ध है।
धनतेरस पर धातु के बर्तन खरीदने की सदियों पुरानी परंपरा के कारण दुकानों में पीतल, कांसा, तांबा और स्टील के बर्तनों की आकर्षक श्रृंखला सजाई गई है। दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद और बजट के अनुसार छोटे-बड़े सभी प्रकार के सामान उपलब्ध कराए हैं।
लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों से लेकर दीपों तक सजा बाजार
धनतेरस और दीपावली को लेकर पूजा सामग्री एवं सजावटी सामानों की दुकानों में भी रौनक बढ़ गई है। मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की आकर्षक मूर्तियां, मिट्टी के दीये, रंग-बिरंगी मोमबत्तियां, पीतल के दीपक, पूजा थाली, धूप-अगरबत्ती, रंगोली, झालर, इलेक्ट्रिक लाइट और तोरण से बाजार सजने लगा है। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एलईडी, मोबाइल, मिक्सर ग्राइंडर और अन्य घरेलू उपकरणों की मांग को देखते हुए प्रतिष्ठानों में विशेष तैयारियां की गई हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई दुकानों में त्योहार विशेष छूट, उपहार और आसान किस्तों की सुविधा दी जा रही है। वहीं एम बाजार, टेंडी मार्केट, सुपर स्टेशनरी सहित अन्य प्रतिष्ठानों में भी दीपावली की खरीदारी को लेकर विशेष सजावट और सामानों का संग्रह किया गया है।धनतेरस की रौनक केवल बड़े शोरूम तक सीमित नहीं है। कपड़े, मिठाई, खिलौने, स्टेशनरी, गिफ्ट आइटम, फल-फूल, पूजा सामग्री और सजावटी सामान बेचने वाले छोटे-बड़े दुकानदार भी त्योहार को लेकर उत्साहित हैं। बाजारों में ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही से कारोबारियों के चेहरे पर मुस्कान दिखाई देने लगी है।कुल मिलाकर धनतेरस को लेकर पाकुड़ का बाजार पूरी तरह त्योहार के रंग में रंगने लगा है। कहीं सोने-चांदी की चमक है तो कहीं पीतल और तांबे के बर्तनों की खनक, वहीं लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और मिट्टी के दीयों से बाजार में दीपावली की छटा बिखरने लगी है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस के दिन बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ेगी और इस बार व्यापार पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहेगा।



