– रांची समेत कई जिलों में तेज हवा और भारी बारिश का अलर्ट
– 28 और 29 अक्टूबर को खूंटी में स्कूलों में पढ़ाई स्थगित; अस्पतालों में बेड रिजर्व रखने के निर्देश
रांची । बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर झारखंड में दिखने लगा है। बुधवार सुबह राजधानी रांची में मेघ गर्जन और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इसके बाद से रुक-रुककर बारिश जारी है। हजारीबाग, कोडरमा, चाईबासा, देवघर, गिरिडीह और बोकारो समेत कई जिलों में घने बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग ने झारखंड के विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इससे निचले इलाकों में जलजमाव, यातायात प्रभावित होने और पेड़ व बिजली के खंभे गिरने का खतरा है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम में पेड़ों तथा बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जिला आपदा समिति की बैठक कर अधिकारियों को अगले तीन दिनों तक अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। एहतियातन सरकारी और निजी स्कूलों में बुधवार और गुरुवार को छुट्टी घोषित की गई है। रिम्स और सदर अस्पताल में 10-10 बेड रिजर्व रखने तथा पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली विभाग को आपूर्ति जल्द बहाल करने और नगर निगम को जलजमाव से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। चक्रवात और भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर खूंटी जिला प्रशासन ने 28 और 29 अक्टूबर को स्कूलों में पठन-पाठन स्थगित करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में केजी से 12वीं कक्षा तक लागू रहेगा। हालांकि, निजी स्कूल प्रबंधन को अपने स्तर पर निर्णय लेने की छूट दी गई है।
इस दौरान सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्य करने और ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और आपात स्थिति में संबंधित विभागों से संपर्क करने की अपील की है।
रामयश/ईएमएस 28 अक्टूबर 2026


