नई दिल्ली । भारतीय बाजार में हुंडई कंपनी अपनी नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक एसयूवी उतारने की तैयारी कर रही है। कंपनी की यह नई इलेक्ट्रिक कार टाटा नेक्सन ईवी, महिंद्रा एक्सयूवी 3एक्सओ ईवी और किआ साइरोस ईवी जैसी गाड़ियों को टक्कर देगी। इसे जनवरी 2027 में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। इस एसयूवी का कोडनेम एचई1आई बताया जा रहा है। इसे कंपनी के ई-जीएमपी (के) प्लेटफॉर्म पर विकसित किया जाएगा। इसका उत्पादन तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर स्थित हुंडई संयंत्र में किया जाएगा। नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को भारतीय ग्राहकों की जरूरतों के अनुसार तैयार किया जा रहा है। इसमें दो बैटरी विकल्प मिलने की उम्मीद है, जिनमें स्टैंडर्ड रेंज और लॉन्ग रेंज शामिल होंगे। हालांकि, कंपनी ने अभी बैटरी क्षमता और एक बार चार्ज करने पर मिलने वाली वास्तविक ड्राइविंग रेंज की जानकारी नहीं दी है। तुलना के लिए, विदेशों में बिकने वाली हुंडई इंस्टर ईवी में 42 किलोवाट-घंटे और 49 किलोवाट-घंटे के बैटरी पैक मिलते हैं। इनकी डब्ल्यूएलटीपी प्रमाणित रेंज क्रमशः लगभग 300 और 355 किलोमीटर है।
शुरुआती मॉडल में स्वोल्ट की ओर से आपूर्ति की गई बैटरी सेल इस्तेमाल किए जाने की संभावना है। भविष्य में कंपनी एक्साइड के साथ साझेदारी के जरिए भारत में निर्मित बैटरी सेल का इस्तेमाल भी कर सकती है। इससे स्थानीय उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। फीचर्स के मामले में भी नई एसयूवी में कई आधुनिक सुविधाएं मिल सकती हैं। इसमें लेवल-2 उन्नत चालक सहायता प्रणाली, नई पीढ़ी का इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25 इंच की दो स्क्रीन और 360 डिग्री कैमरा शामिल होने की संभावना है। हालांकि, इन सुविधाओं की आधिकारिक पुष्टि लॉन्च के समय ही होगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


