संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़। पाकुड़िया थाना क्षेत्र के महुलपहाड़ी में राशन दुकान पर फायरिंग कर लूट की कोशिश करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने अगली वारदात से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने महज पांच दिनों में मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आंगनगड़िया में एक और डकैती की योजना बना रहे थे।दो अक्टूबर की रात महुलपहाड़ी स्थित राशन दुकान में पांच-छह अपराधियों ने फायरिंग कर लूट का प्रयास किया था। घटना के बाद एसपी ने महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया। टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ सूचना तंत्र को सक्रिय कर अपराधियों की तलाश शुरू की।इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बंगाल सीमा से सटे आंगनगड़िया गांव के फुटबॉल मैदान में कुछ अपराधी डकैती की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल, दो देसी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने महुलपहाड़ी राशन दुकान में लूट के प्रयास में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।गिरफ्तार आरोपियों में कोलेश हांसदा (22), हेमलाल हेम्ब्रम (20), रामरंजन महतो (20) और सियान महतो (19) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार कोलेश हांसदा के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस की कार्रवाई से महुलपहाड़ी लूटकांड का खुलासा होने के साथ ही एक और संभावित डकैती को भी समय रहते रोक दिया गया। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।एसपी अनुदीप सिंह ने त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारियों को दो हजार रुपये और पुलिसकर्मियों को एक हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।


