आय से ज्यादा 64 फीसदी संपत्ति होने के साक्ष्य मिले, दस्तावेज खंगाल रही टीम
पटना । पटना में आय से अधिक संपत्ति के मामले में ईओयू ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने योजना एवं विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के पांच ठिकानों पर छापेमारी की। गुरुवार को एक साथ पटना, मुंगेर, भागलपुर और मुजफ्फरपुर में तलाशी अभियान चलाया। जांच में इंजीनियर के पास करीब 64 फीसदी से ज्यादा संपत्ति होने के साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। कार्रवाई में उनके आवास और अन्य परिसरों में दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
ईओयू की टीम संपत्ति और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। आर्थिक अपराध इकाई की एक टीम ने पटना से जुड़े ठिकाने पर भी तलाशी ली। वहीं मुंगेर में तैनात इंजीनियर के तिलकामांझी स्थित हनुमान पथ आवास पर भी कार्रवाई की गई। अधिकारियों की टीम घर में मौजूद दस्तावेज और अन्य सामान की जांच कर रही है। छापेमारी में संपत्ति से जुड़े कागजातों की पड़ताल की जा रही है।
अधिकारियों का फोकस आय और संपत्ति के बीच के अंतर का पता लगाने पर है। फिलहाल तलाशी की कार्रवाई जारी है। चार जिलों में एक साथ पहुंची ईओयू की टीमें बताया जा रहा है कि आर्थिक अपराध इकाई ने इंजीनियर से जुड़े कुल पांच ठिकानों को कार्रवाई के दायरे में लिया है। इनमें पटना के अलावा मुंगेर, भागलपुर और मुजफ्फरपुर के ठिकाने शामिल हैं। एक साथ कई स्थानों पर तलाशी से संपत्ति और वित्तीय गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में आय से अधिक संपत्ति के साक्ष्य मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। तलाशी पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेज और अन्य सामग्री के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल ईओयू की जांच टीम अलग-अलग ठिकानों पर रिकॉर्ड खंगाल रही है।


