अहमदाबाद । अहमदाबाद में बुधवार को बम धमकी की सूचना से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। शहर की करीब 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के साथ ही दुनिया के सबसे बड़े नरेन्द्र मोदी स्टेडियम और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के आगामी म्यूजिकल कार्यक्रम को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं।
अहमदाबाद में वेजलपुर क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित जायडस स्कूल समेत शहर की कई स्कूलों को ईमेल या संदेश के माध्यम से धमकी मिलने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने बिना कोई जोखिम उठाए तत्काल एहतियाती कदम उठाए। विद्यार्थियों को सुरक्षित तरीके से घर भेजा गया और स्कूलों में समय से पहले छुट्टी घोषित कर दी गई। अचानक छुट्टी की खबर फैलते ही अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई और बड़ी संख्या में माता-पिता अपने बच्चों को लेने स्कूल परिसर पहुंचे।
मामला केवल स्कूलों तक सीमित नहीं रहने से पुलिस की चिंता और बढ़ गई। धमकी में मोटोरा स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम और दिलजीत दोसांझ के आगामी कार्यक्रम का भी उल्लेख किए जाने की जानकारी है। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा शुरू कर दी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं पर जांच कड़ी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात टीमों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
धमकी की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद शहर पुलिस के साथ बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड और स्निफर डॉग की टीमें सक्रिय हो गईं। जायडस स्कूल समेत संबंधित संस्थानों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। स्कूल परिसर के अलावा कक्षाओं, पार्किंग क्षेत्र, मैदान और अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं करना चाहतीं। यही वजह है कि धमकी को फिलहाल गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर धमकी भेजने वाला कौन है और उसका मकसद क्या है? क्या यह केवल दहशत फैलाने के लिए भेजा गया फर्जी संदेश है या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश है? पुलिस और साइबर क्राइम की टीमें इन सवालों के जवाब तलाशने में जुटी हैं। धमकी भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए ईमेल, अकाउंट और अन्य डिजिटल माध्यमों की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस संबंधित आईपी एड्रेस और डिजिटल गतिविधियों के आधार पर संदेश भेजने वाले तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
अहमदाबाद में इससे पहले भी स्कूलों को फर्जी ईमेल के जरिए बम धमकी मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे मामलों में कई बार जांच के बाद धमकी को अफवाह या दहशत फैलाने की कोशिश पाया गया है। हालांकि, इस बार एक साथ कई स्कूलों के अलावा बड़े सार्वजनिक स्थल और एक चर्चित कलाकार के कार्यक्रम का जिक्र होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर भरोसा न करें। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और धमकी की वास्तविकता सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
फिलहाल अहमदाबाद में सुरक्षा एजेंसियों की नजर हर संवेदनशील स्थान पर है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


