संताल एक्सप्रेस संवाददाता
तीनपहाड़- मालदा रेल मंडल के बरहरवा आरपीएफ पोस्ट की टीम ने रविवार की रात तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन व बरहरवा रेलवे स्टेशन परिसर मे आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया. इस दौरान अलग-अलग परिस्थितियों में पांच नाबालिग बच्चों को पकड़ा गया. पांचों बच्चों को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया. इस दौरान रविवार की रात को तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन परिसर में गश्ती के दौरान आरपीएफ को एक नाबालिग बालिका करीब दो वर्षीय बच्चे को गोद में लेकर अकेले घूमती मिली. जिससे पूछताछ में बालिका ने बताया कि पारिवारिक कारणों से वह अपने छोटे भाई को लेकर घर से निकल गई थी. और भटकते हुए तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पहुंच गई. जिसे आरपीएफ ने बरहरवा पोस्ट लाया. वही बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 और वेटिंग रूम में चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से तीन अन्य नाबालिग बच्चे मिले पूछताछ में सभी के बिना माता-पिता को बताएं घर से निकलने की बात सामने आई. जिसमे तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले 17 वर्षीय नाबालिक लड़का और 16 वर्षीय नाबालिक लड़की ने बताया कि दोनों करीब दो वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे और परिवार की सहमति नहीं होने के कारण घर से निकलकर बरहरवा स्टेशन पहुंचे थे. दोनों पश्चिम बंगाल की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे. वही पकड़ाये एक 16 वर्षीय नाबालिक लड़की ने बताई कि वह बरहेट थाना क्षेत्र की रहने वाली है. उसको एक वर्ष पहले फेसबुक के माध्यम से पटना के एक युवक से बातचीत हुआ था.
परिवार के विरोध और डांट-फटकार के बाद वह भी घर से निकलकर बरहरवा स्टेशन पहुंची थी. और पटना जाने का प्रयास कर रही थी. जहां आरपीएफ ने सभी पांचों बच्चों को बरहरवा आरपीएफ पोस्ट लाकर आवश्यक पूछताछ और सत्यापन किया तथा उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया.इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी को मंथन संस्था बरहरवा की सदस्य आराधना मंडल और अंशु मालाकार को आगे की आवश्यक कार्रवाई, देखरेख एवं संरक्षण के लिए सुपुर्द कर दिया गया मौके पर सहायक उपनिरीक्षक जलेश्वर कुमार दुबे, सहायक उपनिरीक्षक विश्वनाथ टुडू,हेड कांस्टेबल विजय लकड़ा,कांस्टेबल दिनेश कुमार मंडल सहित अन्य शामिल थे.


