संवाददाता
उधवा- राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के समीप रविवार की अहले सुबह 55 वर्षीय व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गयी. मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी गौर चंद्र बगती (55 वर्ष) के रूप में हुई है. उधवा- बरहरवा मुख्य सड़क पर खून से लथपथ शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे घर से थे मृतक गौर चंद्र बगती
परिजनों के अनुसार गौर चंद्र बगती रविवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान मोहनपुर चौक के निकट मुख्य सड़क पर अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी. कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर उनका शव खून से लथपथ पड़ा देखा. इसके बाद मृतक के परिजनों और राधानगर पुलिस को घटना की सूचना दी.
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच
सूचना मिलते ही राजमहल अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी, इंस्पेक्टर राजीव रंजन और राधानगर थाना के एसआई गंगा प्रसाद यादव सहित अन्य पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल भेज दिया.
मृतक किराना स्टोर के साथ अमीन का काम करते थे
बताया जाता है कि गौर चंद्र बगती किराना स्टोर चलाने के साथ-साथ अमीन (भूमि मापी) का काम भी करते थे. इसी से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. हत्या की खबर के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं
फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है. एसडीपीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल भेज दिया गया है और हत्याकांड की गहन छानबीन की जा रही है.


