नई दिल्ली । दिवाली और दशहरे पर घर के लिए नए टीवी, फ्रिज, एयर कंडीशनर या वॉशिंग मशीन खरीदने की तैयारी में जुटे ग्राहकों को महंगाई का झटका लगने लगा है। कई इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों ने घरेलू उपकरणों की कीमतों में बढ़ोतरी शुरू की है, जबकि कुछ अन्य कंपनियां जल्द ही दाम बढ़ाने की तैयारी में हैं।
इस मूल्य वृद्धि का मुख्य कारण तांबा, एल्युमीनियम, इस्पात, प्लास्टिक और कच्चे तेल जैसे घटकों की लागत में हुई भारी बढ़ोतरी है। इसके साथ ही, माल ढुलाई और मुद्रा विनिमय से जुड़े खर्चों में वृद्धि ने इन सामनों की विनिर्माण लागत पर सीधा असर डाला है। कंपनियों का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत के कारण उनके लिए कीमतों में वृद्धि करना जरुरी है। त्यौहारी सीजन से ठीक पहले एयर कंडीशनर की कीमतों में करीब 5 से 8 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, वहीं रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और एलईडी टीवी के दाम करीब 3 से 4 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं। हालांकि, हर कंपनी ने एक समान बढ़ोतरी नहीं की है और कुछ कंपनियां अभी भी बाजार की स्थिति का आकलन कर रही हैं।
ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स जैसी प्रमुख कंपनियों ने पहले ही कीमतों में वृद्धि की घोषणा की है या बढ़ी कीमत लागू कर चुकी हैं। ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक के अनुसार, बढ़ती जिंस कीमतों के कारण एसी और डीप फ्रीजर के दाम 5 से 8 प्रतिशत तक बढ़ाए हैं। वहीं गोदरेज एंटरप्राइजेज के कार्यकारी उपाध्यक्ष ने जिंस लागत में 8 से 10 प्रतिशत की वृद्धि के बाद विभिन्न उत्पाद श्रेणियों में 5 से 7 प्रतिशत तक कीमत बढ़ाना जरुरी बताया है। हायर इंडिया 1 अक्टूबर से एसी की कीमत में करीब 5 प्रतिशत और एलईडी टीवी व वॉशिंग मशीन में 2 से 3 प्रतिशत की वृद्धि करेगी। डाइकिन ने 16 सितंबर से ही 8 से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है, जबकि सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स भी अक्टूबर के बाद टीवी की कीमतों में करीब 7 प्रतिशत तक की वृद्धि की योजना बना रही है।
वहीं कंपनियों के सामने यह चिंता भी है कि कीमत बढ़ने से त्यौहारी मांग प्रभावित हो सकती है। कच्चे माल, विशेषकर तांबे की कीमतों में तेज वृद्धि ने लागत पर दबाव डाला है। इसके बाद त्यौहारी सीजन में मिलने वाली छूट और आकर्षक ऑफर के बावजूद, ग्राहकों को कई घरेलू उपकरण पहले की तुलना में महंगे ही मिलने है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


