मथुरा । वृंदावन के वाराहघाट स्थित एक आश्रम में शुक्रवार को एक युवा साधु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रेमानंद महाराज के शिष्य 25 वर्षीय साधु दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण ने आश्रम की चार मंजिला इमारत से छलांग लगाई, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी जान चली गई। हालांकि, मामला उस वक्त और पेचीदा हो गया जब पता चला कि उनका गुप्तांग कटा हुआ था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। दीपक ने आत्महत्या क्यों की और उनका गुप्तांग कैसे कटा, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस को दीपक के कमरे से खून से सना एक ग्राइंडर मिला है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि गुप्तांग उसी से काटा गया होगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दीपक को इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल से छलांग लगाते हुए देखा गया है, लेकिन इसके पीछे का कारण और गुप्तांग कटे होने की वजह अभी जांच का विषय है। यह भी जांच की जा रही है कि गुप्तांग स्वयं दीपक ने काटा या किसी और ने। यह घटना वाराहघाट क्षेत्र स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम में हुई है, जो केलिकुंज आश्रम से कुछ दूरी पर है। इस आश्रम में केवल प्रेमानंद महाराज से दीक्षित शिष्य ही रहते हैं। मृतक दीपक पटेल मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले थे। करीब दो साल पहले जबलपुर में मन न लगने के कारण वे वृंदावन आ गए और प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेकर रसिक दुलारी शरण बन गए थे। बताया गया है कि उनकी धार्मिक प्रवृत्ति थी और वृंदावन आने से पहले उन्होंने नर्मदा की परिक्रमा भी की थी। एक बार वृंदावन आने के बाद वे वापस जबलपुर लौट गए थे, लेकिन करीब दो वर्ष पूर्व वे जब दोबारा वृंदावन आए तो फिर वापस नहीं गए। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दीपक की डायरी और मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए गए हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है। इमारत और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को इस बारे में अस्पताल से सूचना मिली थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। मामले की हर बिंदु से जांच की जा रही है।


