नई दिल्ली । शरीर में यूरिक एसिड बढ़ने पर चेरी का सेवन बेहद फायदेमंद होता है। यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने पर जोड़ों में दर्द, सूजन और तेज तकलीफ जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। ऐसे में आयुर्वेदाचार्य चेरी के सेवन का सुझाव देते हैं। यूरिक एसिड की कमी असर खासतौर पर पैरों के अंगूठे और अन्य जोड़ों में अधिक दिखाई देता है। यूरिक एसिड शरीर में प्यूरीन नामक पदार्थ के टूटने से बनता है। सामान्य स्थिति में किडनी इसे पेशाब के जरिए शरीर से बाहर निकाल देती है, लेकिन जब शरीर में इसका उत्पादन अधिक होने लगे या किडनी इसे पर्याप्त मात्रा में बाहर न निकाल पाए तो खून में यूरिक एसिड बढ़ सकता है। लंबे समय तक इसका स्तर अधिक रहने पर गाउट की समस्या होने का खतरा बढ़ जाता है। यूरिक एसिड और गाउट को नियंत्रित रखने में खान-पान महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में कुछ फलों को डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है। चेरी को इस मामले में उपयोगी माना जाता है। चेरी के सेवन को लेकर हुई कुछ स्टडीज में संकेत मिले हैं कि इसे खाने से गाउट के अटैक का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है। चेरी में एंथोसायनिन नामक एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं।
इनमें सूजन कम करने वाले गुण होते हैं, जिसके कारण यह गाउट से जुड़ी सूजन और असहजता को नियंत्रित करने में सहायक हो सकती है। अगर चेरी आसानी से उपलब्ध है तो इसे ताजे फल के रूप में सीमित मात्रा में डाइट में शामिल किया जा सकता है। बिना अतिरिक्त चीनी वाली ताजी या फ्रोजन चेरी बेहतर विकल्प हो सकती है। हालांकि चेरी का जूस पीते समय सावधानी बरतनी चाहिए। बाजार में मिलने वाले कई जूस में अतिरिक्त चीनी होती है। इसके अलावा ज्यादा मात्रा में फ्रूट जूस पीने से शरीर में फ्रुक्टोज की मात्रा बढ़ सकती है। अधिक फ्रुक्टोज का सेवन गाउट की समस्या वाले लोगों के लिए उचित नहीं माना जाता। इसलिए जूस की जगह पूरा फल खाना बेहतर विकल्प हो सकता है। यह भी समझना जरूरी है कि केवल चेरी खाने से बढ़ा हुआ यूरिक एसिड सामान्य नहीं हो जाता। इसके लिए संतुलित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली जरूरी है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर को अतिरिक्त यूरिक एसिड बाहर निकालने में मदद मिल सकती है। साथ ही स्वस्थ वजन बनाए रखना और नियमित शारीरिक गतिविधि करना भी फायदेमंद है। रेड मीट, ऑर्गन मीट, कुछ समुद्री खाद्य पदार्थ, शराब और अधिक फ्रुक्टोज वाले मीठे पेय पदार्थों का सेवन कम करना चाहिए।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


