हुमायूं कबीर बेटे के लिए नहीं मांगेंगे वोट
कोलकाता । पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाया हुआ है। गिरफ्तारियों के बीच आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) प्रमुख हुमायूं कबीर ने बड़ा ऐलान किया है कि वह अपने बेटे गुलाम नबी आजाद के लिए प्रचार नहीं करेंगे, जो रेजीनगर सीट से उम्मीदवार हैं। कबीर ने पार्टी कार्यकर्ताओं की लगातार हो रही गिरफ्तारियों के विरोध में यह फैसला लिया है। कबीर ने अपनी सीट छोड़ने के बाद ही रेजीनगर में उपचुनाव हो रहे हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह सोशल मीडिया के जरिए अपने बेटे के लिए प्रचार जारी रखेंगे। उनके बेटे गुलाम नबी आजाद ने भी पिता के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि पार्टी के हित में लिया गया यह निर्णय सभी पर लागू होता है, जिसमें वह भी शामिल हैं।
कबीर ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पुलिस चुन-चुनकर पार्टी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रही है। अब तक रेजीनगर और शक्तिपुर पुलिस स्टेशनों में पार्टी के चार नेताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने नसीम शेख की गिरफ्तारी का भी जिक्र किया, जिसे उन्होंने दूर का रिश्तेदार, पूर्व सैन्यकर्मी और एक कारोबारी बताते हुए फंसाए जाने का आरोप लगाया। रेजीनगर उपचुनाव के लिए निर्दलीय उम्मीदवर बने सैफुल इस्लाम, जो कथित तौर पर एजेयूपी से जुड़े हैं, को भी 2021 के एक हिंसा मामले में गिरफ्तार किया गया है।
कबीर ने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद पुलिस निष्पक्ष काम नहीं कर रही है और यह लोकतंत्र की हत्या के समान है, जिसके विरोध में वे अब प्रचार के लिए मैदान में नहीं उतरेंगे, बल्कि सोशल मीडिया पर ही अपनी बात रखेंगे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नसीम शेख को शनिवार रात रेजीनगर के मियांग्राम से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई मई में पुलिस के खिलाफ भड़काऊ टिप्पणी करने से संबंधित है। पुलिस ने बताया कि 7 मई को शक्तिपुर में एजेयूपी की कार्यकर्ता बैठक के दौरान पार्टी प्रमुख हुमायूं कबीर सहित कई नेताओं पर मंच से पुलिस के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है, जिसके बाद शक्तिपुर थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान नसीम शेख की संलिप्तता सामने आई और उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस बीच, कांग्रेस ने भी नंदीग्राम सीट से अपने उम्मीदवार मिलन प्रधान और एक अन्य नेता सुभाशीष भट्टाचार्य की गिरफ्तारी का दावा किया है। कांग्रेस नेताओं ने इसे गंदा खेल करार देते हुए आरोप लगाया है कि नामांकन दाखिल करने के बाद पुलिस के जरिए नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।


