बिरसानगर में किराये के मकान में मिला शव, एमजीएम अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
पूर्वी सिंहभूम । जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में पीएम आवास के समीप किराये के मकान में रहने वाले 27 वर्षीय युवक आकाश कुमार लाल ने बुधवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों और पड़ोसियों की मदद से उसे फंदे से नीचे उतारा गया और तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आकाश मूल रूप से परसुडीह का रहने वाला था। वह अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चे के साथ परसुडीह में रहता था। करीब एक माह पहले वह पत्नी और बच्चे के साथ बिरसानगर के पीएम आवास के समीप किराये के मकान में रहने आया था। आकाश एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह नशे का भी आदी था। बताया जाता है कि बुधवार रात किसी बात को लेकर आकाश का पत्नी के साथ विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह दूसरे कमरे में चला गया। कुछ देर बाद पत्नी उसे देखने के लिए कमरे में पहुंची तो उसने आकाश को फंदे से लटका हुआ देखा। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर आकाश को फंदे से नीचे उतारा और उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच के उपरांत आकाश को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। आकाश के परिवार में पत्नी और एक पुत्र है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में पत्नी के साथ विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और युवक ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


