महंगाई का सीधा असर ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज जैसी प्रमुख कंपनियों पर पड़ेगा
नई दिल्ली । मीठे के शौकीनों के लिए बुरी खबर है। चीनी की आसमान छूती कीमतों के कारण अब बिस्किट, चॉकलेट, मिठाई और कोल्ड ड्रिंक्स जैसे उत्पाद महंगे होने की आशंका है। एक वैश्विक ब्रोकरेज फर्म के एक विश्लेषण के मुताबिक, इस महंगाई का सीधा असर ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज जैसी प्रमुख कंपनियों पर पड़ेगा, जिससे उनका मुनाफा प्रभावित होगा। ब्रोकरेज फर्म के आकलन में ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज पर सबसे अधिक मार पड़ने का अनुमान है, क्योंकि कंपनी के उत्पादों में चीनी और पाम ऑयल की लागत काफी ज्यादा है। छोटे और कम कीमत वाले पैकेजों के कारण कंपनी के लिए बढ़ी हुई लागत ग्राहकों पर डालना चुनौती होगा, जिससे मुनाफे पर सीधा असर पड़ेगा। नेस्ले इंडिया और वरुण बेवरेजेज भी प्रभावित होंगी। इस संकट के पीछे कई कारण हैं। भारत में त्योहारी सीजन की बढ़ी मांग और खराब मॉनसून से गन्ने की फसल को हुए नुकसान के चलते चीनी का उत्पादन घटा। पिछले एक महीने में दाम करीब 10% बढ़ चुके हैं। वैश्विक स्तर पर भी ब्राजील में खराब मौसम और एथेनॉल उत्पादन, भारत, थाईलैंड व यूरोप में कम उपज से संकट गहराया है। सरकार ने कंपनियों को अतिरिक्त स्टॉक बेचने का निर्देश दिया है, लेकिन कंपनियां इसे घाटे का सौदा मान रही हैं।


