पूर्वी सिंहभूम । पुलिस ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर स्थित साहू होटल के पास से मंगलवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान होमपाइप इंदिरानगर निवासी चंदन गिरी के रूप में हुई है। सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि मृतक का आपराधिक इतिहास रहा है और वह कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था। प्रारंभिक जांच में युवक की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि किसी तार या अन्य वस्तु का इस्तेमाल कर उसका गला दबाया गया।
पुलिस को आशंका है कि चंदन की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद उसके शव को छायानगर में लाकर फेंका गया है। पुलिस मृतक के हालिया संपर्कों, गतिविधियों और पुराने विवादों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को किस स्थान से और किस वाहन से यहां लाया गया था।
मृतक की पत्नी इशिका कौर ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम वह और चंदन अपने भाई से जुड़े एक मामले के सिलसिले में सीतारामडेरा थाना गए थे। वहां से दोनों शीतला मंदिर पहुंचे। इसके बाद रात करीब साढ़े नौ बजे चंदन उसे मायके छोड़कर घर जाने की बात कहकर वहां से निकल गया था। इसके बाद वह कहां गया और उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार के लोगों को नहीं थी। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे चंदन का शव पड़े होने की जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, चंदन दिसंबर में जेल से बाहर आया था और वर्तमान में काम कर रहा था। उसकी शादी इसी वर्ष मार्च में हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब सोमवार रात चंदन की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।


