सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पहुंचे लाखों कांवरिए, कतार में लगकर कर रहे बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण
देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 की चौथी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर पहुंचे लाखों कांवरिए बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों के साथ बाबा नगरी में प्रवेश कर रहे हैं। तड़के सुबह से ही कांवरियों की लंबी कतार लगी रही और श्रद्धालु उत्साह के साथ बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण के लिए आगे बढ़ते रहे। लंबी दूरी तय करने और घंटों कतार में रहने के बावजूद श्रद्धालुओं में बाबा के दर्शन और जलार्पण को लेकर उत्साह बना रहा। रूट लाइन में कांवरियों की भीड़ लगातार आगे बढ़ती रही। पूरे मार्ग में बोल बम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं की सुविधा का रखा गया विशेष ध्यान
कतार में लगे श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, सूचना एवं सहायता केंद्र और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से वृद्ध, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अर्घा व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुलभ तरीके से बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कराया जा रहा है। चौथी सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को लगातार सक्रिय रखा गया है।


