पूर्वी सिंहभूम । पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चंपई सोरेन की पुत्री दुखनी सोरेन का हथियार के साथ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्होंने बुधवार को पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है। दुखनी सोरेन ने कहा कि वायरल वीडियो को लेकर जिस तरह की चर्चाएं हो रही हैं, उसमें ऐसा कुछ भी नहीं है जिसमें उन्होंने कानून का उल्लंघन किया हो।
दुखनी सोरेन के अनुसार, वह किसी कार्यक्रम से लौटने के दौरान काफी थक गई थीं और जमशेदपुर परिसदन में कुछ देर विश्राम करने के लिए रुकी थीं। इस दौरान उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक, मोबाइल फोन और अन्य सामान सोफे पर रख दिया था और आराम कर रही थीं। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो उन्हें भी उपलब्ध कराया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
उन्होंने कहा कि वीडियो में लोगों को केवल उनकी लाइसेंसी पिस्तौल दिखाई दे रही है, जबकि उनके साथ रखा मोबाइल फोन और अन्य सामान किसी को नजर नहीं आ रहा है। दुखनी सोरेन ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी महिला के पास लाइसेंसी पिस्तौल है तो क्या यह अपने आप में कोई अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पास मौजूद हथियार लाइसेंसी है और उन्होंने कोई गैरकानूनी काम नहीं किया है। इधर, वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वीडियो को ‘आदिवासी दुखनी सोरेन’ नाम से संचालित फेसबुक आईडी पर पोस्ट किया गया था।
वीडियो सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सार्वजनिक स्थान पर हथियार दिखाई देने को लेकर सवाल उठाए हैं और पुलिस से पूरे मामले की जांच की मांग की है। वहीं, कुछ लोगों ने आम नागरिक और प्रभावशाली लोगों के लिए कानून के अलग-अलग तरीके से लागू होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। दुखनी सोरेन ने इन चर्चाओं को लेकर कहा कि लोग इस मामले पर जो चर्चा करना चाहते हैं, करें। उनकी ओर से किसी प्रकार का गैरकानूनी कार्य नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार उनका लाइसेंसी हथियार है।


