नई दिल्ली । सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। 10 ग्राम सोना 578 रुपए सस्ता होकर 1,42,654 रुपए पर आ गया, जबकि एक किलोग्राम चांदी 727 रुपए फिसलकर 2,19,240 रुपए पर पहुंच गई। यह गिरावट निवेशकों के मुनाफावसूली के संकेत देती है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने के भाव में तेजी देखी गई थी। वैश्विक बाजारों में मजबूत रुझानों और स्थानीय आभूषण तथा फुटकर विक्रेताओं की ताजा लिवाली के कारण सोना 1,000 रुपए चढ़कर 1.48 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। इससे पिछले सत्र में यह 1,47,000 रुपए पर बंद हुआ था।
हालांकि, इसी दौरान चांदी की कीमत 600 रुपए टूटकर 2,24,700 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई थी, जबकि बुधवार को यह 2,25,300 रुपए पर बंद हुई थी। बाजार के जानकारों बताया कि फेडरल रिजर्व की हालिया नीतिगत घोषणा के बाद डॉलर में आई गिरावट से इस कीमती धातु की मांग बढ़ी, जिससे गुरुवार को सोने में तेजी आई। कारोबारियों ने कहा कि आभूषण विक्रेताओं की मांग बढ़ने से घरेलू सोने की कीमतें थोड़ी बढ़ीं; हालांकि, रुपया मजबूत होने से कीमतों में और बढ़ोतरी सीमित रही।


