बेंगलुरु । कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के दक्षिण तालुक के मडापट्टना इलाके में गुरुवार सुबह एक पत्थर की खदान में बड़ा हादसा हो गया। खदान में काम के दौरान अचानक भारी चट्टान गिरने से नौ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय मजदूर खदान में पत्थर तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान करीब 40 फुट ऊंचाई से एक विशाल चट्टान उनके ऊपर आ गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस समय खदान में लगभग 18 मजदूर काम कर रहे थे और चट्टान इतनी तेजी से गिरी कि उसके नीचे दबे मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक मजदूर बिहार और असम के रहने वाले थे तथा दैनिक मजदूरी पर कार्यरत थे। हादसे में घायल हुए मजदूरों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायलों की आधिकारिक संख्या अभी स्पष्ट नहीं की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र को घेरकर मलबा हटाने का काम जारी है। अधिकारियों को आशंका है कि कहीं और मजदूर मलबे के नीचे दबे न हों, इसलिए तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि हादसा प्राकृतिक कारणों से हुआ या खदान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम शिवकुमार ने जताया दुख
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की तथा अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


