संताल एक्सप्रेस संवाददाता
राजमहल- राजमहल थाना क्षेत्र के जामनगर में ई रिक्शा व हाईवा के बीच हुई भीषण टक्कर में ई रिक्शा चालक सहित चार गंभीर रूप से घायल हो गया. जबकि दो लोगो की मौके पर ही मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार राजमहल-उधवा मुख्य सड़क के जामनगर में मंगलवार देर रात को ई रिक्शा व हाईवा के बीच भीषण टक्कर हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. बताया जा रहा है कि ई रिक्शा में सवार लोग राजमहल डॉक्टर दिखाने के लिए आ रहे थे. इसी दौरान जामनगर के समीप सामने से आ रहा एक हाइवा व ई रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ई रिक्शा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे. वही स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को राजमहल अनुमंडलीय लेकर पहुंचे. जिसमें राधानगर थाना क्षेत्र के बनु टोला चुआर निवासी एईसुद्दीन शेख 52 वर्ष, नूरवाहार बीवी 46 वर्ष, राजमहल थाना क्षेत्र के गुमास्ता टोला निवासी 26 वर्षीय यास्मीन खातून, अमानत निवासी 45 वर्षीय रहीम शेख, जामनगर निवासी 54 वर्षीय तफनारा बीवी तथा ई रिक्शा चालक पियरपुर निवासी अबूकलाम पिता अलीमुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए.
वही इलाज के दौरान अस्पताल उपाधीक्षक डॉ उदय टुडू ने जांचोपरांत पति-पत्नी एईसुद्दीन शेख व नूरवाहार बीवी को मृत घोषित कर दिया. जबकि बाकी चार घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, ओमप्रकाश चौहान दल बल के साथ पहुंची मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है. मौके पर घटना की सूचना मिलते ही राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू, राजमल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे सहित अन्य मौके पर पहुंचे.वहीं अस्पताल में एंबुलेंस नहीं होने का कारण राजमहल विधायक एमटी राजा ने अपने निजी वाहन से मरीजों को हायर सेंटर भेजने की तैयारी कर रहे थे.


