टेक्सास । टेक्सास सुपर किंग्स टीम के कप्तान फाफ डु प्लेसी ने शुरु हुई में मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) 2026 के पहले ही मैच में शानदार शतक लगाकर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। 41 साल के डु प्लेसी अब टी20 क्रिकेट में सबसे अधिक उम्र में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गये हैं। डु प्लेसी ने ये शतक सिएटल ऑर्कास के खिलाफ लगाया था। इस मैच में डु प्लेसी की टीम 221 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा कर रही थी। डु प्लेसी ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 113 रन बनाये। इससे उनकी टीम नौ गेंदें शेष रहते हुए जीत दर्ज करने में सफल रही। इस शानदार पारी के साथ ही वह टी20 क्रिकेट में सबसे अधिक उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गये हैं। डु प्लेसी की उम्र अभी 41 साल और 340 दिन है।
इससे पहले ये रिकार्ड इंग्लैंड के पॉल कॉलिंगवुड के नाम था। कॉलिंगवुड ने 41 साल और 65 दिन की उम्र में शतक लगाय था। ऐेसे में यह उपलब्धि डु प्लेसी के लिए और भी विशेष है क्योंकि उन्होंने 40 की उम्र पार करने के बाद अपना तीसरा टी20 शतक लगाया है, जबकि इस उम्र में किसी अन्य बल्लेबाज ने एक से अधिक शतक नहीं लगाया है। वहीं यह एमएलसी में उनका चौथा और उनके टी20 करियर का कुल आठवां शतक है। मैच में 221 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, डु प्लेसी ने केवल 45 गेंदों में ही शतक लगा दिया। उन्होंने अपनी 52 गेंदों की पारी में कुल 113 रन बनाये। वहीं राइली रोसो ने 21 गेंदों में 49 रन बनाये। डु प्लेसी और राइली के बीच 95 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद वियान मुल्डर ने 15 गेंदों में नाबाद 31 रन बनाकर टेक्सास सुपर किंग्स को जीत दिला दी।
वहीं इससे पहले, सिएटल ऑर्कास ने टिम साइफर्ट के शानदार शतक 104 रनों की सहायता से 2 विकेट के नुकसान पर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। वहीं शायन जहांगीर ने 47 गेंदों पर 78 रन बनाये थे।


