केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए वेतन वृद्धि का पूरा गणित
नई दिल्ली । देश के लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए इस समय 8वां वेतन आयोग सबसे बड़ी चर्चा का विषय बना हुआ है। सरकारी महकमों से लेकर रिटायर हो चुके पेंशनभोगियों तक, हर कोई इस बात का गणित समझने में जुटा है कि नए वेतन आयोग के लागू होने के बाद उनके वेतन में कितनी बढ़ोतरी होगी और उनका फिटमेंट फैक्टर क्या तय किया जाएगा। मोटे तौर पर कहा जा सकता है जिन कर्मचारियों की बेसिक 7 हजार थी वो बढ़कर 18 हजार हो जाएगी।केंद्र सरकार आमतौर पर हर 10 साल में एक बार अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की सैलरी और भत्तों में संशोधन के लिए वेतन आयोग का गठन करती है। यदि आप यह उम्मीद कर रहे हैं कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें तुरंत लागू हो जाएंगी, तो आपको थोड़ा धैर्य रखना होगा। पुराने अनुभवों और वित्तीय आंकड़ों को देखें तो अंतिम रूप से सब कुछ तय होने और सिफारिशों के लागू होने में साल 2027 तक का समय लग सकता है।
इतिहास पर नजर डालें तो पिछले यानी 7वें वेतन आयोग का गठन 28 फरवरी 2014 को हुआ था। आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार करने और रिपोर्ट सौंपने में लगभग 21 महीने का लंबा समय लगा था, जिसके बाद 19 नवंबर 2015 को अंतिम रिपोर्ट पेश की गई थी। इसी तर्ज पर वर्तमान 8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया है। आयोग को रिपोर्ट सौंपने के लिए सरकार की ओर से 18 महीने का समय मिला है, जो मई 2027 में पूरा हो रहा है। हालांकि, पिछले रिकॉर्ड को देखें तो यह माना जा रहा है कि आयोग अपनी अंतिम रिपोर्ट जुलाई 2027 के आसपास सरकार को सौंप सकता है।
नए कर्मचारियों के लिए यह समझना बेहद जरूरी है कि फिटमेंट फैक्टर वह गणितीय गुणांक है, जो पुराने मूल वेतन को नए वेतन ढांचे में बदल देता है। पिछले यानी 7वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया था। इसकी बदौलत कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 7,000 रुपये से सीधे बढ़कर 18,000 रुपये हो गई थी। चूंकि यह बदलाव एक दशक में सिर्फ एक बार होता है, इसलिए इसकी उत्सुकता स्वाभाविक है। हालांकि सरकार ने अभी कोई आधिकारिक नंबर तय नहीं किया है, लेकिन विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस बार फिटमेंट फैक्टर 2.28 से लेकर 3.83 के बीच कुछ भी तय हो सकता है।
आज के समय में भले ही वेतन वृद्धि का मुख्य आधार फिटमेंट फैक्टर बन गया है, लेकिन पहले ऐसा नहीं था। पहले से लेकर पांचवें वेतन आयोग तक सैलरी बढ़ाने का कोई एक फिक्स फॉर्मूला नहीं था। तब वेतन संशोधन के लिए काफी जटिल तरीके अपनाए जाते थे, जैसे वेतन का युक्तिकरण, महंगाई भत्ते का बेसिक सैलरी में विलय करना और आवश्यकता-आधारित मजदूरी की गणना करना। समय के साथ तरीके भले ही बदल गए हों, लेकिन मुख्य उद्देश्य हमेशा कर्मचारियों की सैलरी को उस समय की महंगाई और आर्थिक परिस्थितियों के अनुकूल बनाना ही रहा है। इस बड़े फैसले का देश की अर्थव्यवस्था और समाज पर व्यापक असर पड़ेगा। 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों से देश के 1.1 करोड़ से अधिक लाभार्थी सीधे प्रभावित होंगे, जिनमें वर्तमान केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनभोगी दोनों शामिल हैं। यह अंतिम रिपोर्ट अगले एक दशक के लिए सरकारी कर्मचारियों की वित्तीय दिशा तय करेगी।


