दुमका। आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का रविवार देर शाम शानदार समापन हो गया। इस प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 13 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालिका एकल फाइनल में निशा मरांडी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए रूहानी पोद्दार को 15-6 और 15-8 से शिकस्त देकर खिताबी जीत हासिल की। वहीं इसी आयु वर्ग के बालक एकल में दिव्यांश राज और समीर हेंब्रम के बीच कांटे की टक्कर हुई, जिसमें दिव्यांश ने 17-15, 12-15 और 15-13 से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
लड़कों के अंडर-17 युगल वर्ग में प्रियम दत्ता और सार्थक जायसवाल की जोड़ी ने रोशन राज मरांडी और समीर हेंब्रम की जोड़ी को बेहद रोमांचक मुकाबले में 13-15, 17-15, 15-12 से हराकर खिताब जीता। महिला एकल वर्ग में भी निशा मरांडी का दबदबा रहा, जिन्होंने प्रिया सोरेन को 15-5 और 15-7 से एकतरफा हराकर दोहरा खिताब अपने नाम किया। पुरुष युगल प्रतियोगिता के फाइनल में सुनील हांसदा और क्रिस्टोफर की जोड़ी ने आकाश मंडल की जोड़ी को 17-15, 13-15, 17-15 से पराजित कर जीत का परचम लहराया।
इस पूरी प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मुख्य निर्णायक मधुसूदन मुर्मू के साथ निर्णायक चिन्मय शाश्वत, अभय मिंज, शोभोजित रक्षित, अमन राज, शुभाशीष नंदी, अतुल चंदन, ज्वैल्शन किस्कू और सौरभ दास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने आगामी पुरुष एकल बैडमिंटन प्रतियोगिता कराने का बड़ा एलान किया। उन्होंने घोषणा की कि इस नई प्रतियोगिता के विजेता को 10,000 रुपये और उपविजेता को 5,000 रुपये मूल्य का खेल सामग्री वाउचर दिया जाएगा, जिससे खिलाड़ी अपनी पसंद के स्पोर्ट्स किट खरीद सकेंगे। इस खास मौके पर बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष उमाशंकर चौबे, सचिव दीपक कुमार झा, कोषाध्यक्ष राधा वल्लभ भालोटिया, उपाध्यक्ष मोहम्मद अकबर, रविंद्र नाथ हांसदा समेत कई खेल प्रेमी और पदाधिकारी मौजूद रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


