कोलकाता । पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर से लाेकसभा सांसद व तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी सोमवार को प्राथमिक शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पहुंचे। उन्हें सुबह 11 बजे सॉल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में तलब किया गया था। हालांकि, वह निर्धारित समय से पहले ही वहां पहुंच गए। ईडी कार्यालय में प्रवेश करते समय उन्होंने मीडिया के सवालों पर कोई टिप्पणी नहीं की।
अभिषेक की पेशी को लेकर इस बार सीजीओ कॉम्प्लेक्स में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था देखने को नहीं मिली। परिसर में न तो अतिरिक्त पुलिस बल और न ही केंद्रीय बलों की तैनाती की गई थी। इससे पहले जब भी अभिषेक जांच एजेंसियों के समक्ष पेश होते थे, तब पूरे क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाती थी और आवाजाही पर भी नियंत्रण लगाया जाता था।
रविवार को भी अभिषेक ने विधानसभा हस्ताक्षर जालसाजी मामले में सीआईडी के समक्ष भवानी भवन में लगभग साढ़े आठ घंटे तक पूछताछ का सामना किया था। इसी मामले में बेलियाघाटा से तृणमूल विधायक कुणाल घोष को भी बुलाया गया था। सूत्रों के अनुसार, दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई। सीआईडी कार्यालय से निकलने के बाद अभिषेक सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पहुंचे थे।
अभिषेक को मंगलवार को भी सीआईडी ने फिर से तलब किया है। इसके अलावा सॉल्टलेक में दर्ज एक अन्य शिकायत के संबंध में राज्य पुलिस की खुफिया शाखा बुधवार को भी उनसे पूछताछ करना चाहती है। हालांकि, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने विधानसभा हस्ताक्षर जालसाजी मामले में उन्हें जांच में सहयोग करने का निर्देश देते हुए अगले दो सप्ताह तक उनके खिलाफ किसी भी कठोर कार्रवाई पर रोक लगाई है। लेकिन प्राथमिक भर्ती मामले और सॉल्टलेक के अन्य मामले में उन्हें ऐसी कोई राहत प्राप्त नहीं है।
प्राथमिक शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले की जांच ईडी लंबे समय से कर रही है। इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच के दौरान सामने आए एक ऑडियो क्लिप में अभिषेक बनर्जी नाम के व्यक्ति का उल्लेख हुआ था। उस ऑडियो में कथित तौर पर नौकरी के बदले वसूली गई रकम अभिषेक तक पहुंचाने की बात कही गई थी। सीबीआई ने अपनी आरोपपत्र में भी इस ऑडियो का उल्लेख किया था।
इसी ऑडियो के आधार पर ‘कालीघाट के काकू’ के नाम से चर्चित सुजय कृष्ण भद्र के आवाज के नमूने की भी जांच की गई थी। ईडी अब इस ऑडियो से जुड़े पहलुओं को अपनी जांच के दायरे में लाना चाहता है। इसके अलावा अभिषेक बनर्जी की कंपनी ‘लिप्स एंड बाउंड्स’ के वित्तीय लेन-देन भी जांच एजेंसी के रडार पर हैं। माना जा रहा है कि इस संबंध में भी उनसे पूछताछ की जा सकती है। ईडी इससे पहले भी इस मामले में अभिषेक से कई बार पूछताछ कर चुकी है।


