देवघर। मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बंगाल से आए दो सप्लायर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 लाख 49 हजार 300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन तथा एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब 12:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बंगाल से ब्राउन शुगर की सप्लाई करने वाले कुछ तस्कर मोहनपुर थाना क्षेत्र में पहुंचे हैं। सूचना में बताया गया कि बड़ा झरना-खरगडीहा जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे एक कार और एक मोटरसाइकिल खड़ी है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और इलाके में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बंगाल के वीरभूम जिला से आए शेख इस्ताजुल और मीर समद को एक काले रंग की आई-10 कार के साथ पकड़ा। वहीं देवघर के रोहित कुमार और निरज कुमार महथा मोटरसाइकिल से ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे थे। पुलिस ने मौके से दो पैकेट ब्राउन शुगर, नकद राशि और अन्य सामान बरामद किया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि वीरभूम जिला के दुबराजपुर थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर की सप्लाई बंगाल, झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में की जाती थी। इसके बाद छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय बाजारों में नशीले पदार्थ की बिक्री की जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों में शेख इस्ताजुल, उम्र 25 वर्ष, पिता शेख नजरुल, निवासी खोच मोहम्मदपुर, थाना दुबराजपुर, जिला वीरभूम, पश्चिम बंगाल, मीर समद, उम्र 23 वर्ष, पिता मीर जमीर, निवासी धग्राम, थाना दुबराजपुर, जिला वीरभूम, पश्चिम बंगाल, रोहित कुमार, उम्र 26 वर्ष, पिता सत्यनारायण मंडल, निवासी लतासारे, थाना मोहनपुर तथा निरज कुमार महथा, उम्र 30 वर्ष, father बबलु महथा, निवासी बरमसिया, थाना नगर, जिला देवघर शामिल हैं। बरामद सामान में 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 लाख 49 हजार 300 रुपये नकद, एक आई-10 कार, एक मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं। छापेमारी दल में एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, तकनीकी शाखा के प्रभारी संदीप कृष्णा, बाबा मंदिर थाना के प्रियरंजन कुमार, स्वेत प्रकाश दुबे, घासीराम मार्डी, सुरेश कुमार रमानी, मुकेश कुमार सिंह, राकेश कुमार रंजन समेत तकनीकी शाखा और मोहनपुर थाना के कई पुलिसकर्मी शामिल थे।


