कांकेर । छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के छोटे बेठिया थाना क्षेत्र अंर्तगत कांकेर और नारायणपुर जिले की सरहद पर शनिवार को डी-माइनिंग और एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फाेट हो गया। इसमें सुरक्षा बल के तीन जवानों का बलिदान हो गया जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने इसकी पुष्टि की है।
इस अभियान के दौरान दुर्घटनावश आईईडी विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से कांकेर डीआरजी के 4 जवान घायल हो गए।
इनमें इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा, कॉन्स्टेबल संजय गढपाले के अत्यधिक ज़ख़्मी होने से वे घटना स्थल पर ही बलिदान हो गए जबकि गंभीर घायल जवान परमानंद कोमरा को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रवाना कर दिया गया है।
इस संबंध में बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों द्वारा दी गई जानकारी और अन्य इनपुट के आधार पर, माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए सैकड़ों आईईडी बस्तर रेंज में पुलिस एवं सुरक्षाबलों द्वारा बरामद कर निष्क्रिय किए जा रहे हैं। लेकिन आज की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, जब कांकेर जिला पुलिस दल आईईडी को निष्क्रिय कर रहा था, तभी वह आकस्मिक रूप से विस्फोटित हो गया, जिसके कारण तीन पुलिस बल के जवान बलिदान हाे गये, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है।


