रांची : झारखंड में मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए अप्रैल 2026 से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू होने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सभी तैयारियां जल्द पूरी करने का निर्देश दिया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया अप्रैल से प्रारंभ होकर लगभग तीन महीने तक चलेगी। 11 मार्च तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसके बाद गणना चरण शुरू होगा, जिसमें मतदाताओं को गणना फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। फॉर्म में नागरिकता, पहचान, निवास सहित अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र जमा करने होंगे। स्पष्ट किया गया है कि आधार कार्ड अकेले नागरिकता का प्रमाण नहीं माना जाएगा। राज्य में फिलहाल कुल 2.65 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 1.95 करोड़ मतदाताओं की 2003 की पुरानी सूची से मैपिंग पूरी की जा चुकी है। के रविकुमार ने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान राज्यभर में 21,736 से अधिक कैंप लगाए जाएंगे, ताकि बुजुर्गों, कमजोर वर्गों और ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं को सुविधा मिल सके। निर्वाचन विभाग का लक्ष्य है कि पुनरीक्षण के बाद राज्य की मतदाता सूची पूरी तरह पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित हो।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


