मुंबई । महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह हुए विमान हादसे में उप मुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गई। हादसा बारामती के हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान हुआ। दुर्घटना के बाद घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त और जला हुआ दिखाई दिया।
इस हादसे में कुल पांच लोगों की मृत्यु हुई है। इनमें अजित पवार के साथ उनके अंगरक्षक विदीप जाधव, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली, पायलट कैप्टन सुमित कपूर तथा कैप्टन शांभवी पाठक शामिल हैं।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बताया कि विमान लियरजेट 45 (वीटी-एसएसके) आज सुबह बारामती एयरपोर्ट पर क्रैश लैंड हो गया। विमान में पांच लोग सवार थे, जिनमें महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्रीअजीत पवार के साथ दो और लोग (एक पीएसओ और एक अटेंडेंट) और 2 क्रू मेंबर शामिल थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जिंदा नहीं बचा है।
बताया जा रहा है कि जिला परिषद चुनावों के मद्देनजर अजित पवार की बुधवार को बारामती में चार जनसभाएं प्रस्तावित थीं। इन्हीं कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए वे मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। विमान जब बारामती में उतरने की प्रक्रिया में था, तभी वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
अजित पवार जिस विमान से यात्रा कर रहे थे वह बॉम्बार्डियर कंपनी का लियरजेट-45 श्रेणी का था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान पहले नीचे की ओर आता दिखा, फिर अचानक अनियंत्रित होकर जमीन से टकरा गया, जिसके बाद तेज विस्फोट हुआ।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जमीन से जुड़े जननेता, मेरे मित्र और सहयोगी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना में निधन की खबर से मन व्यथित है। मैंने अपना एक दमदार और दिलदार मित्र खो दिया है। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है, जो कभी पूरी नहीं हो सकती। यह घटना महाराष्ट्र के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। मैं अजितदादा इनको भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस परिवार के दुःख में हम सब साथ है।
अजित पवार का जन्म 22 जुलाई 1959 को अहमदनगर जिले के देवलाली प्रवरा में हुआ था। राजनीति में ‘दादा’ के नाम से लोकप्रिय अजित पवार अपनी स्पष्टवादिता और मजबूत प्रशासनिक क्षमता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने 1982 में सहकारी क्षेत्र से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। बाद में वे बारामती विधानसभा क्षेत्र से लगातार कई बार विधायक चुने गए और राज्य सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रहे।
उन्होंने वित्त, योजना, ऊर्जा, जल संसाधन और ग्रामीण विकास जैसे अहम विभागों का नेतृत्व किया। महाराष्ट्र के इतिहास में सबसे अधिक बार उपमुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हैं। उनके निधन से महाराष्ट्र ने एक अनुभवी प्रशासक और जननेता को खो दिया है। अजित पवार के निधन से बारामती, पुणे और पूरे राज्य में शोक का माहौल है। उनके परिवार में पत्नी सुनेत्रा पवार तथा पुत्र पार्थ और जय हैं।
प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने अजित पवार के निधन पर जताया शोक
महाराष्ट्र के बारामती में आज सुबह हुए विमान हादसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शोक जताया है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उन्हें आमजन का नेता बताया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजित पवार के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि बारामती में हुए इस विमान हादसे से वे अत्यंत दुखी हैं। हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं और इस गहन दुख की घड़ी में उन्हें शक्ति और साहस प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।
प्रधानमंत्री ने अजित पवार को आमजन का नेता बताते हुए कहा कि उनका जमीनी स्तर से गहरा जुड़ाव था और वह महाराष्ट्र की जनता की सेवा में सदैव अग्रणी रहे। प्रशासनिक विषयों की उनकी समझ और गरीब तथा वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के प्रति उनका समर्पण उल्लेखनीय था। प्रधानमंत्री ने उनके असामयिक निधन को अत्यंत चौंकाने वाला और दुखद बताया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर कहा कि एक दुखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनडीए के वरिष्ठ साथी अजित पवार के निधन की सूचना से उनका मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े तीन दशकों में अजीत पवार ने महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए स्वयं को समर्पित रखा। गृहमंत्री ने इसे एनडीए परिवार के साथ-साथ अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया और पवार परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शोक की इस घड़ी में पूरा एनडीए परिवार शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने अजित पवार के निधन पर शोक जताया
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज सुबह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर शोक जताया। उन्होंने दिवंगत नेता के परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त किया।
सिंह ने एक्स पर जारी शोक संदेश में कहा, “महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार के असमय निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वे महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के लिए समर्पित रहे। वे लोगों के प्रति अपनी करुणा और सार्वजनिक सेवा के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए जाने जाते थे। मैं उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।”


