ब्यूरो

दुमका । झारखंड में कथित शराब घोटाले की जांच ने अब निर्णायक मोड़ ले लिया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मंगलवार को दुमका में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची के चर्चित व्यवसायी श्रवण जालान से जुड़े माने जाने वाले प्रतिष्ठित व्यवसायी नवीन पटवारी के आवास पर धावा बोल दिया। पटवारी को निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे का करीबी बताया जाता है। मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे शुरू हुई इस छापेमारी ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है।
———————
कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है कार्रवाई
नवीन पटवारी अपने तीन भाइयों के साथ इसी मकान में रहते हैं। कार्रवाई के दौरान एसीबी की विशेष टीम ने घर के चारों ओर कड़ी बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था बेहद पुख्ता कर दी है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, और मीडिया को परिसर से दूर रखा गया है। अधिकारी इस मामले में कोई भी जानकारी साझा करने से बच रहे हैं, जिससे गोपनीयता बनी हुई है।
———————
रांची कनेक्शन : श्रवण जालान पर भी एसीबी की पैनी नजर
यह दुमका की कार्रवाई सोमवार को रांची में हुई छापेमारी की अगली कड़ी है। एसीबी ने सोमवार को रांची में व्यवसायी श्रवण जालान के आवास और कार्यालय पर भी छापेमारी की थी। वहां से टीम को जमीन संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज, कई मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा हाथ लगा है। जांच एजेंसी को संदेह है कि निलंबित आईएएस विनय चौबे की अवैध कमाई का एक बड़ा हिस्सा जालान के माध्यम से ही विभिन्न क्षेत्रों में निवेश किया गया। माना जा रहा है कि जल्द ही जालान को पूछताछ के लिए समन भेजा जा सकता है।
———————
जांच का दायरा बढ़ा, कई ठिकानों पर दबिश
शराब घोटाले की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। रविवार को एसीबी ने विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता से लगभग 10 घंटे तक लंबी पूछताछ की थी। इसी क्रम में, चौबे के एक अन्य करीबी विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह की तलाश में बिहार के लखीसराय में भी छापेमारी की गई। लगातार हो रही इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों से स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि एसीबी इस हाई-प्रोफाइल शराब घोटाले की जांच को जल्द ही अंतिम मुकाम तक पहुंचाना चाहती है।



