राज्य और राजनीति
चंदन मिश्र
झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू हो चुका है। शुक्रवार को सत्र का पहला दिन आरंभिक औपचारिकताओं में बीत गया। लेकिन सोमवार से दुबारा शुरू होनेवाले सदन की कार्यवाही सर्दी में गरमी का अहसास करानेवाला साबित होगा, जब सत्ता पक्ष और विपक्ष के माननीय विभिन्न मुद्दों पर आपस में भिड़ते नजर आएंगे। यह तो सदन की बात हुई। दरअसल झारखंड के राजनीतिक गलियारे में पिछले एक पखवाड़े से एक बात जोरदार ढंग से हवा में उड़ रही है। इंडिया गठबंधन से झामुमो अलग होगा और भाजपा के साथ मिलकर राज्य के अंदर नए समीकरण के साथ सरकार बनायेगा। झामुमो, भाजपा की सरकार का स्वरूप क्या होगा, इस पर अभी चिंतन चल रहा है। हवा में तैर रही बातों का आधार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन की दिल्ली यात्रा माना जा रहा है। पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन का दिल्ली प्रवास अत्यंत गोपनीय रहा। दोनों पति-पत्नी पांच दिनों तक दिल्ली में जमे थे। झामुमो के दोनों शीर्ष नेताओं का दिल्ली दौरा आधिकारिक था, निजी था या राजनीतिक, अब तक इस संबंध में कहीं से कोई पुख्ता जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है। केवल और केवल कयासबाजी चल रही है। सोशल मीडिया और डिजीटल खबरों में यह बात तेजी से उड़ती रही कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन की दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात हो चुकी है। लेकिन इस मुलाकात में क्या बात हुई है, यह किसी को नहीं पता। अब यह सवाल सबके सामने है कि क्या झारखंड में इंडिया गठबंधन टूटेगा या यह कोरी कयासबाजी है। इस सवाल का जवाब पाने को झारखंड के लोगों को अभी इंतजार करना होगा। फिलहाल आईए हम उन तथ्यों को तर्क की कसौटी पर कसें, जिन्हें लेकर झारखंड में इंडिया गठबंधन के टूटने और एनडीए गठबंधन के साथ झामुमो की सरकार बनाने की बातें हवा में तैर रही है।
झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और राजद ने मिलकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनायी है। सरकार को वामदल भाकपा माले के विधायकों का भी समर्थन है। हेमंत सोरेन न सिर्फ इस सरकार के मुखिया हैं, बल्कि झामुमो के निर्विवाद अध्यक्ष यानी सर्वेसर्वा हैं। पूरी क्षमता और समर्थन के साथ ऐसी सरकार चल रही है, तब इस गठबंधन को तोड़ने या इससे अलग होकर भाजपा के साथ सरकार बनाने का क्या मतलब हो सकता है ? भाजपा के नेता झारखंड में जिस हेमंत सोरेन सरकार को दिन रात कोस रहे हो, जिस सरकार की कमियां उजागर करने में लगे हों, कल उसी नेता और पार्टी के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे तब भाजपा अपने समर्थकों और वोटरों को क्या संदेश देगी। क्या इससे भाजपा की फजीहत नहीं होगी ? सरकार कई घोटालों से घिरी हुई है। शराब घोटाला में एक वरिष्ठ आईएएस अफसर सहित कई अधिकारी जेल और बेल के चक्कर में फंसे हैं। वित्तीय व्यवस्था की हालत बहुत अच्छी नहीं है। छात्रों को उनकी छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं हो पा रहा है। वृद्धा पेंशन पर आफत है। केंद्रीय जांच एजेंसियों की दबिश लगातार बनी हुई है।
राजनीतिक गलियारे और मीडिया में इस बात को लेकर सबसे अधिक चर्चा है कि सरकार को केंद्रीय सहायता नहीं मिल रही है। झारखंड सरकार की उपेक्षा हो रही है। इसकी वजह से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चाहते हैं कि केंद्र के साथ बेहतर तालमेल के बिना केंद्रीय वित्तीय सहायता नहीं मिल सकती है। तब क्यों नहीं केंद्र के साथ समझौता कर लें और राज्य के अंदर भाजपा के साथ मिलकर सरकार बना लें। इससे तो राज्य़ के वित्तीय हालात सुधर जाएंगे लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा केशीर्ष नेता अपने समर्थकों, कार्यकर्ताओं और वोटरों को क्या समझाएंगे कि झामुमो अपनी नीति और सिद्धांत को तिलांजलि देकर क्या सिर्फ वित्तीय सहायता पाने के लिए भाजपा के साथ सरकार बनायेगी। झामुमो के वोटर और समर्थक भाजपा के वोटर और समर्थकों से बिल्कुल अलग हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों के बीच का यह तालमेल क्या एक –दूसरे को नुकसान नहीं पहुंचांयेंगे।
इस संबंध में एक और तर्क दिया जा रहा है कि आनेवाले बंगाल चुनाव में भाजपा पड़ोसी राज्य झारखंड की सबसे बड़ी पार्टी झामुमो के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती है। बंगाल में टीएमसी को चुनाव में हराने और वहां भाजपा की सरकार बनाने में इसका लाभ मिलेगा। लेकिन क्या झामुमो बंगाल में इतनी बड़ी राजनीतिक ताकत है, जो भाजपा को टीएमसी के खिलाफ समर्थन देकर उसे सत्ता में बिठाएगी। इस संबंध में एक और तर्क दिया जा रहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और घोटाले के मामले चल रहे हैं। इनसे बचने के लिए झामुमो कांग्रेस- राजद को छोड़कर भाजपा के साथ गठबंधन बनाकर सरकार चलायेगा। क्या भाजपा की केंद्र सरकार हेमंत सोरेन को दुबारा जेल भेजने का दुस्साहस करेगी। एक बार हेमंत सोरेन को जेल भेजकर उसका नतीजा देख लिया। कल्पना सोरेन पार्टी की नई और प्रभावशाली नेता बनकर उभरीं। हेमंत सोरेन जेल से लौटकर और ताकतवर हुए। तब हेमंत सोरेन जेल जाने से क्यों डरेंगे ? कुल मिलाकर देखें तो अभी झारखंड की राजनीतिक जमीन पर ऐसी कोई ठोस वजह नही दिखाई देती है, जिसके कारण झामुमो इंडिया गठबंधन तोड़कर भाजपा के साथ मिलकर एनडीए की सरकार बनायेंगे। अभी इन सवालों का जवाब मिलना बाकी है। हम अगले महीने (मकर संक्राति) तक इंतजार करें तब तक अफवाह के बाद छंट जाएंगे और हकीकत की तसवीर साफ हो जायेगी।



