मुंबई । मंगलवार सुबह हैदराबाद से कुवैत जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। धमकी में आशंका जताई गई थी कि विमान में मानव बम है, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया। मंगलवार दिनांक 2 दिसंबर की सुबह, इंडिगो की एक फ्लाइट ने हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कुवैत के लिए उड़ान भरी। फ्लाइट के उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद सुरक्षा एजेंसियों को एक धमकी भरा ईमेल मिला। इसमें, यह गंभीर धमकी दी गई थी कि विमान में बम है। इस जानकारी की सत्यता को सत्यापित करने का कोई जोखिम उठाए बिना, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने तुरंत कार्रवाई की और विमान को मुंबई की ओर मोड़ दिया और इसे इमरजेंसी लैंडिंग के निर्देश दिए। विमान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से उतर गया। लैंडिंग के बाद, विमान को तुरंत एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनके लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की गई। इसके बाद सिक्योरिटी फोर्स, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और जांच टीम विमान की गहन जांच की मगर कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिला।

अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरा ई-मेल कहां से आया। इस संवेदनशील घटना से हवाई अड्डे पर कुछ देर के लिए हड़कंप का माहौल बन गया था, लेकिन एटीसी और सिक्योरिटी टीम की मुस्तैदी की वजह से एक बड़ा संकट टल गया। वरिष्ठ जांच अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, विमान की शुरुआती जांच पूरी हो चुकी है। अभी तक कोई भी संदिग्ध चीज या एक्सप्लोसिव नहीं मिला है। धमकी भरे ई-मेल के फर्जी होने की संभावना बढ़ गई है, और सुरक्षा एजेंसियां अब उस व्यक्ति या ग्रुप की तलाश कर रही हैं जिसने ई-मेल भेजा था। इस जांच से यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन को बड़ी राहत मिली है। विमान की अच्छी तरह से जांच हो जाने के बाद, यात्रियों के लिए आगे की यात्रा के लिए दूसरे इंतज़ाम किए जा रहे हैं।
इस खबर को भी पढ़े –दूध में हल्दी और घी मिलाकर पीने से मिलती है जोड़ों के दर्द में राहत
इस खबर को भी पढ़े –इंदिरा काल में जब भारत को तीन महाशक्तियों ने घेरा तब रुस ने चट्टान बन साथ दिया





