दुमका में मुख्यमंत्री ने झारखंड फ़्लाइंग इंस्टीट्यूट का किया शुभारंभ
बोले : दुमका से दिल्ली तक खिंचेगी नई लकीर
दुमका ब्यूरो। झारखंड के युवाओं के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुमका हवाई अड्डा परिसर में झारखंड फ़्लाइंग इंस्टीट्यूट का औपचारिक शुभारंभ किया। इस उद्घाटन के साथ राज्य में पहली बार युवा अपने ही प्रदेश में पायलट बनने का सपना पूरा कर सकेंगे।
सीएम ने घोषणा की कि पायलट प्रशिक्षण के लिए 30 युवाओं का चयन प्रतियोगी परीक्षा से किया जाएगा, जिनमें से 15 आरक्षित वर्ग के प्रशिक्षार्थियों को सरकार पूर्ण छात्रवृत्ति पर प्रशिक्षण देगी। इस अवसर पर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान की नींव वर्ष 2008 में रखी गई थी, लेकिन वर्षों तक इसे फाइलों में दबाकर रखा गया। वर्तमान सरकार ने इसे फिर से जीवंत कर नई दिशा और नई उड़ान देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में विकास की लंबी लकीर संताल परगना से खींची गई है, जो आगे रांची से दिल्ली तक विस्तार लेगी और युवाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान देगी।
सीएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि परियोजनाओं में देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा न करने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई तय है।
राज्य के 25 वर्ष पूरे होने पर उन्होंने तेज़ गति से विकास की जरूरत पर बल दिया और युवाओं से सहयोग की अपील की। प्रेरक अंदाज़ में उन्होंने कहा आप एक हाथ आगे बढ़ाइए, हम आपके दोनों हाथ पकड़कर आपको आगे ले जाने के लिए तैयार हैं।
फ़्लाइंग इंस्टीट्यूट से दुमका ही नहीं, पूरे झारखंड में विमानन क्षेत्र में रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर खुलेंगे। आगे चलकर एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस, ग्राउंड स्टाफ और एविएशन मैनेजमेंट जैसे कोर्स भी शुरू किए जाने की संभावना है।




