हमारी सरकार हेडक्वार्टर से नहीं बल्कि गांवों से चलने वाली सरकार
राज्य सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध
दुमका ब्यूरो

दुमका। सिदो–कान्हू एयरपोर्ट दुमका से सोमवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का विधिवत शुभारंभ कर झारखंड के विकास में एक नया अध्याय जोड़ दिया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों की 190.647 करोड़ रुपये की 12 योजनाओं का उद्घाटन और 123.48 करोड़ रुपये की 14 परियोजनाओं की आधारशिला रखी। साथ ही लाभुकों के बीच नियुक्ति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण कर उन्हें नई ऊर्जा प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान राज्य के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा और बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वर्ष 2008 में रखी गई आधारशिला आज वास्तविक रूप में विकसित होकर प्रदेश को विमानन प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक नई पहचान दे रही है।
पहले चरण में 30 पायलटों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनमें से 15 प्रशिक्षुओं का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी, जिससे गरीब और सामान्य परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को पायलट बनने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने ट्रेनिंग मॉड्यूल, सिम्युलेटर, फ्लाइट ऑपरेशन और सुरक्षा मानकों का स्वयं निरीक्षण कर संस्थान की तैयारियों को परखा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जो कहती है, करके दिखाती है । शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना और मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना इसका उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गांवों से चलने वाली सरकार है। सेवा का अधिकार कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारी अब पंचायत स्तर पर जाकर जनता की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। किसानों के मुद्दों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने मसलिया रानीश्वर मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना को किसानों के लिए गेम-चेंजर बताया, जिससे वर्षभर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। कार्यक्रम में इस अवसर पर सांसद नलिन सोरेन, विधायक बसंत सोरेन, विधायक प्रदीप यादव, विधायक लुईस मरांडी, विधायक आलोक सोरेन, जिला परिषद जॉयस बेसरा, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव, प्रशांत कुमार, झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के निदेशक, कैप्टन एस. पी सिन्हा, इंस्टीट्यूट के ट्रेनी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



