दुमका । जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरदेही गांव में रविवार की सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के चार सदस्य मृत पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने सबसे पहले खेत में एक व्यक्ति का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस जब उसके घर गई, तो अंदर महिला और दो मासूम बच्चों के शव भी बरामद किए गए।

मृतकों की पहचान बीरेंद्र मांझी (32 वर्ष), पत्नी आरती कुमारी (28 वर्ष), बेटी रोही कुमारी (5 वर्ष) और बेटे विराज कुमार (3 वर्ष) के रूप में हुई है। महिला और दोनों बच्चों के गले में रस्सी बंधी हुई थी, जबकि बीरेंद्र का शव खेत में पेड़ से लटका मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार बीरेंद्र ने संभवतः घरेलू विवाद के बाद पत्नी और बच्चों की गला दबाकर हत्या की और फिर खुद आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार मृतक की बेटी के दिल में छेद था और उसका इलाज नाना-नानी कर रहे थे। शनिवार को नेवान पर्व के अवसर पर बीरेंद्र अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर मायके पालोजोरी से वापस घर लौटा था। रविवार सुबह यह दर्दनाक घटना सामने आई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार भी घटनास्थल पहुंचे और जांच का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पूछताछ से लगता है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद यह दिल दहला देने वाली वारदात हुई। फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ा रही है। पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।



