राज्य के विकास के लिए इच्छाशक्ति की कमी है : जेबी तुबिद
मिशन मोड में काम करने की आवश्यकता है : अरुण सिंह
संताल एक्सप्रेस संवाददाता

रांची । राज्य निर्माण के 25 वर्षों के बाद भी झारखंड शिक्षा एवं स्वास्थ्य का हब नहीं बन सका। आज भी यहां के लेाग इलाज एवं शिक्षा के लिए दूसरे राज्य जैसे बंबई, चेन्नई, हैदराबाद, वेलौर आदि जगह जाते हैं। हमारे राज्य में मानक हॉस्पीटल एवं शिक्षण संस्थानों का आज भी अभाव है। हमें यह विचार करना होगा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड कमजोर क्यों रह गया। राज्य के विद्यार्थी तकनीकी व मेडिकल शिक्षा के लिए दूसरे राज्य क्यों जा रहे हैं। शिक्षा एवं स्वास्थ्य की संस्थाएं यहां स्तरीय होती तो हमारी राज्य की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती। उपरोक्त विचार प्रसिद्ध अर्थशास्त्री प्रो महेश्वर दयाल ने गुरुवार को यहां प्रेस क्लब में झारखंड विकास की संभावनाएं विषय पर आयोजित संगोष्ठी में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि एनआरआई ने पूरे देश के शिक्षण संस्थानों पर रिपोर्ट जारी किया और 213 संस्थानों को मानक माना जिसमें झारखंड का एक भी संस्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि जीएसटी रेट रिवीजन होने से झारखंड को आर्थिक नुकसान होगाा। राज्य में निकाय चुनाव नहीं होने के कारण 15वें वित्त आयोग का पैसा राज्य को नहीं मिला लेकिन 16 वें वित्त आयोग की सिफारिश से राज्य को फायदा होगा। यदि मार्च तक निकाय चुनाव हो जाता है तो सिर्फ राजधानी को 4000 करोड़ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए बालू घाटों के नीलामी पंचायतों को दिया जाना चाहिए। पूर्व गृह सचिव जेबी तुबिद ने कहा कि 25 वर्षों में झारखंड को जहां पहुंचना चाहिए था वहां नहीं पहुंच सका इसके लिए यहां के राजनेताओं एवं ब्यूरोक्रेट में इच्छा शक्ति की भारी कमी रही। समग्र विकास के चिंतन मं कई चीजों को देखना पड़ता है। झारखंड के विकास के लिए यहां के राजनीतिज्ञों को एकमत होना बहुत जरूरी है। जनजातीय क्षेत्रों में करोड़ों की योजनाएं लागू होनेवाली थी लेकिन विपक्ष के नेताओं के दुष्प्रचार के कारण इन योजनाओं के लाभ से जनजातीय समाज वंचित रह गया। उन्होंने कहा कि हमें इस राज्य को आगे बढ़ाने के लिए कुछ कठोर निर्णय लेने होंगे। उन्होंने राज्य में नक्सली उन्मूलन के लिए चलाए गए कइ्र अभिआनों का विस्तार से उल्लोख किया। पूर्व विकास आयुक्त अरूण कुमार सिंह ने झारखंड के विकास के लिए मिशन मोड में कार्य करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यदि हम पांच वर्षों का विजन लेकर सेक्टरवाइज योजना तैयार करें तो राज्य का विकास जरूर होगा । आज स्थिति यह है कि बड़े अधिकारियों का छोटे अधिकारियों पर विश्वास नहीं है। आपस में जो विसंगतियां हैं, उसे हमें दूर करना होगा। राज्य का विकास तभी होगा जब विभागों में बहालियां होंगी और प्रशिक्षण होगा। कार्यो में पारदर्शिता की क मी को दूर करना होगा। पूर्व सांसद व उद्यमी महेश पोद्धार ने कहा कि यहां निवेश इसलिए नहंी हो रहे हैं कि बाहर के उद्योगपतियों को यहां का माहौल और सरकार की नीतियां उन्हें आकर्षित नहंी कर पा रही है। हर चीज के लिए एक लक्ष्य रखना होगा। उन्होंने कहा कि अफसरों में अपने नीति निर्मातओं को विश्वास में लेने की क्षमता होनी चाहिए। वर्तमान हेमंत सरकार की यह नीति कि संभावनाएं अनंत है, बिल्कुल सही है। राज्य विकास की संभावनाएं हमेशा बनी रहेगी। संगोष्टी का आयोजन सामाजिक आर्थिक एवं संसदीय अध्ययन केंद्र द्वारा किया गया था। संस्था के अध्यक्ष ओपी लाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया तथा मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार एस के चौबे ने किया। संस्था के संरक्षक अयोध्यानाथ मिश्र को शॉल देकर सम्मानित किया गया। प्रारंभ में संस्था के सचिव अयोध्या नाथ मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि 25 वर्षों में झारखंड ने बहुत तरक्की की है। इस अवसर पर झारखण्ड ञ्च25 स्मारिका का विमोचन किया गया।



