पटना । बीजेपी के वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव पहली बार दानापुर विधानसभा सीट से चुनाव में जीते हैं। गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में रामकृपाल यादव ने मंत्री पद की शपथ ली। बीजेपी ने उन पर भरोसा जताकर दानापुर विधानसभा से टिकट दिया और उन्होंने आरजेडी के बाहुबली नेता रीत लाल यादव को 29,133 वोटों से हराया है। इब पार्टी ने उन्हें मंत्री पद से सम्मानित किया है।
रामकृपाल के लिए यह पहला मौका है जब बिहार सरकार में वह मंत्री बने हैं। इससे पहले वह कभी भी ना विधायक बने थे और ना ही बिहार सरकार में मंत्री रहे थे। रामकृपाल को 2014 में केंद्रीय मंत्री बनाया गया था। इसके पहले वह 1990 से लालू प्रसाद यादव के साथ रहे थे। लालू प्रसाद यादव ने उन्हें विधान परिषद का सदस्य और सांसद बनाया था। लेकिन मौका देखकर रामकृपाल यादव 2014 में बीजेपी के साथ आ गए थे।
रामकृपाल मोदी सरकार में 2014 से 2019 तक दो विभागों के मंत्री रहे हैं। सबसे पहले मोदी सरकार ने उन्हें केंद्र में 9 नवंबर 2014 को पेयजल और स्वच्छता राज्य मंत्री बनाया गया था। 5 जुलाई 2016 को वे केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री बने थे। मोदी सरकार में वह दो टर्म के लिए पाटलिपुत्र से लोकसभा सांसद रहे। 2024 में मीसा भारती ने उन्हें हराया था।
लालू ने उन्हें राज्यसभा भी भेजा था। 8 जुलाई 2010 से 16 मई 2014 तक वे राज्यसभा के सदस्य रहे थे। 2014 में लालू प्रसाद यादव ने अपनी बड़ी बेटी मीसा भारती को पाटलिपुत्र लोकसभा का टिकट दे दिया तो वह नाराज होकर बीजेपी में चले गए और 2014 में वह बीजेपी से सांसद बने थे। पहली बार 1992 में उन्हें बिहार विधान परिषद का सदस्य बनाया गया था जो 1993 तक रहे।




