इंफाल । मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों और उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के चार उग्रवादी मारे गए। अधिकारियों के अनुसार यह मुठभेड़ हेंगलेप उपखंड के अंतर्गत आने वाले खानपी गांव में हुई।

रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में बताया कि खानपी गांव, चुराचांदपुर से लगभग 80 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। सेना की एक टुकड़ी वहां नियमित गश्ती पर थी, तभी उग्रवादियों ने उन पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने चार उग्रवादियों को मार गिराया। मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भेजा गया है और सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं।





