देवघर। कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग सखुआ जंगल के पास शनिवार की शाम दो गुटों के बीच हुए झगड़े ने खूनी रूप ले लिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे 40 वर्षीय कारू राउत की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक करनीबाग सखुआ जंगल का ही निवासी था। जानकारी के अनुसार, शाम के समय दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हो रही थी। इसी बीच घर से कुछ दूरी पर हो रहे इस हंगामे की आवाज सुनकर कारू राउत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास करने लगे। तभी अचानक भीड़ में से किसी ने गोली चला दी, जो उनके पेट के बाएं ऊपरी हिस्से में जा लगी।

गोली लगते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन व ग्रामीण आनन-फानन में घायल कारू को देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि मृतक की बेटी की शादी आगामी 7 नवंबर को होने वाली थी और घर में तैयारी चल रही थी। लेकिन अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार में मातम पसर गया है। घटना की सूचना मिलते ही कुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है तथा दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।



