शेखर सुमन
देवघर। चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों ने देवघर के बाजारों में नई रौनक पैदा कर दी है। टावर चौक, मीना बाजार, कचहरी रोड, पुराना बस स्टैंड, झौंसागढ़ी और बाजला चौक में सूप, डाला और दउरा की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है।
बाजार में छठ पूजा के लिए बड़े पैमाने पर केला खानी उतरने के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा सामग्री की खरीदारी शुरू कर दी है। विक्रेताओं का कहना है कि इस साल कीमतों में मामूली बढ़ोतरी होने के बावजूद खरीदारों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। श्रद्धालु परिवार छठी मइया की आराधना के लिए आवश्यक सभी सामग्री जुटाने में व्यस्त हैं।
पूजा सामग्री एवं फलों के भाव इस प्रकार हैं: सूप 80 से 100 रुपये प्रति पीस, डाला 60 से 80 रुपये प्रति पीस, कड़ौड़ी 40 रुपये जोड़ा, छोटा सूप 50 रुपये प्रति पीस, नारियल 100 रुपये जोड़ा, केला खानी 350 से 400 रुपये प्रति गुच्छा, केला 40 से 60 रुपये दर्जन, डाभ 70 से 80 रुपये प्रति पीस, अनानास 35 से 40 रुपये प्रति पीस, सेब 100 से 140 रुपये प्रति किलोग्राम, अमरूद 100 रुपये प्रति किलोग्राम, संतरा 100 रुपये प्रति किलोग्राम। दउरा 100 रुपये से 250 रुपये तक, बड़ा डाला 80 रुपये से 200 रुपये और छोटा डाला 40 रुपये से 80 रुपये तक बिक रहा है। छठ पूजा को लेकर बाजार समिति में भी हलचल बढ़ गई है। थोक मंडी में नारियल सहित अन्य फलों का स्टॉक मंगवाया जा रहा है। शहर का माहौल पूरी तरह उत्सवमय है। सड़कों पर भीड़, दुकानों पर छठ गीतों की गूंज और सजी हुई टोकरी-सूप ने देवघर को छठमय बना दिया है। महिलाएं पारंपरिक परिधान में खरीदारी में जुटी हैं और बच्चे भी पर्व की उमंग में शामिल हैं। आस्था और उल्लास के इस संगम ने देवघर के हर कोने को छठ पर्व की अलौकिक छटा से रोशन कर दिया है।




